भाजपा जिला पदाधिकारी बैठक में आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर मंथन, संगठन की मजबूती पर दिया गया जोर
लखीमपुर खीरी Jul 02, 2026 at 06:30 PM , 1लखीमपुर खीरी। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय पर गुरुवार को जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता की अध्यक्षता में जिला पदाधिकारी बैठक संपन्न हुई। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, बूथ सशक्तिकरण, डिजिटल अभियान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम सहित विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए पदाधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 4 जुलाई को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के लखनऊ आगमन पर लखीमपुर खीरी से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता स्वागत कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। इसके उपरांत 5 जुलाई को लखनऊ में राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा आयोजित मंडल अध्यक्षों एवं शक्ति केंद्र संयोजकों की बैठक में जिले से शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में कार्यकर्ताओं के आवागमन, समन्वय एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि संगठन द्वारा निर्धारित प्रत्येक कार्यक्रम को पूरी गंभीरता, अनुशासन एवं समर्पण के साथ सफल बनाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मंडल एवं शक्ति केंद्र स्तर तक संगठन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाना सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों में अधिकतम कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा समयबद्ध रूप से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में भाजपा के सरल ऐप पर संचालित डिजिटल लर्निंग कोर्स को प्रत्येक कार्यकर्ता द्वारा पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान समय में संगठनात्मक कार्यों में डिजिटल माध्यमों की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना आवश्यक है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि सरल ऐप के माध्यम से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को डिजिटल लर्निंग से जोड़ा जाए तथा बूथ स्तर तक इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
बैठक में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाएं विभिन्न सार्वजनिक स्थलों एवं पार्कों में स्थापित कराने का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही 6 जुलाई को बूथ स्तर पर वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सामाजिक दायित्व है और प्रत्येक कार्यकर्ता कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले। उन्होंने सभी मंडलों को वृक्षारोपण अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में सदर विधायक योगेश वर्मा, गोला विधायक अरविंद गिरी, जिला महामंत्री राजेश सिंह, अनुराग मिश्रा, मनोज वर्मा, जिला उपाध्यक्ष संतोष कुमारी, किरण अग्रवाल, आशू मिश्रा, संजय मिश्रा, विनोद लोधी, जितेंद्र साहनी, जिला मंत्री रश्मि गुप्ता, अमित सिंह, जिला कार्यालय मंत्री अभिजात मिश्रा, जिला मीडिया प्रभारी रमेश चंद्र मिश्रा, जिला सह मीडिया प्रभारी अंकित अवस्थी, हर्ष गुप्ता, जिला आईटी संयोजक शौर्य सक्सेना, जिला सोशल मीडिया संयोजक निष्कर्ष मिश्रा, सह संयोजक ऋषभ पांडेय सहित जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।































Comments