मधुमिता केस की वादिनी निधि शुक्ला के घर बम विस्फोट का आरोप, SP को दी तहरीर
लखीमपुर खीरी Jul 01, 2026 at 09:41 PM , 1330 जून की रात 3 बजे आवास पर विस्फोट का दावा, सुरक्षा में तैनात सिपाही बाल-बाल बचा, रोहित चतुर्वेदी पर हमले का आरोप
*लखीमपुर खीरी।* चर्चित मधुमिता शुक्ला हत्याकांड की प्रमुख वादिनी निधि शुक्ला ने पुलिस अधीक्षक लखीमपुर-खीरी को तहरीर देकर उनके आवास पर बम से हमला कराने का आरोप लगाया है। प्रार्थना-पत्र में 30 जून 2026 की रात हुई घटना का जिक्र करते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।
निधि शुक्ला ने तहरीर में बताया कि 30.06.2026 को रात करीब 3 बजे उनके मिशनाना स्थित आवास पर बम विस्फोट किया गया। उनके अनुसार सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी लोहे के जाल के अंदर होने की वजह से सुरक्षित रहा। विस्फोट के बाद सिपाही ने 100 नंबर डायल कर पुलिस को बुलाया, तब तक हमलावर फरार हो गए।
निधि शुक्ला ने आरोप लगाया कि मधुमिता हत्याकांड में दोषी पाए गए अमरमणि त्रिपाठी के रिश्तेदार रोहित चतुर्वेदी ने यह हमला कराया है। तहरीर में कहा गया है कि रोहित चतुर्वेदी पहले भी जेल से छूटने के बाद 2025 में उनके घर पर फायरिंग करवा चुके हैं। वादिनी का कहना है कि वह सुप्रीम कोर्ट में रोहित चतुर्वेदी की सजा में कमी का विरोध कर रही हैं और मधुमिता हत्याकांड पर पुस्तक व गीत एलबम प्रकाशित करने जा रही हैं। इसी से बौखलाकर हमला कराया गया।
तहरीर में रोहित चतुर्वेदी पुत्र सुरेश चन्द्र चतुर्वेदी, निवासी राजेन्द्र नगर कालोनी पूर्वी, थाना गोरखनाथ, गोरखपुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कार्यालय का कहना है कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।































Comments