एक ही रात में दो घरों में लाखों की चोरी, ग्रामीणों में दहशत नौसर जोगी गांव में नकदी और जेवरात समेट ले गए चोर, पुलिस जांच में जुटी

लखीमपुर खीरी , 13

बिजुआ, खीरी। भीरा थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। शनिवार रात नौसर जोगी गांव में चोरों ने दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत और पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी है।
गांव निवासी राहुल वर्मा पुत्र ओमप्रकाश वर्मा ने बताया कि शनिवार रात परिवार के लोग छत और दरवाजे पर सो रहे थे। इसी दौरान चोर पेड़ के सहारे घर में दाखिल हुए और अलमारी का ताला तोड़कर करीब 70 हजार रुपये नकद, एक रानी हार, एक छोटा हार, झुमकी, कुंडल, दो सोने की चेन तथा सात सोने की अंगूठियां चोरी कर ले गए। सुबह उठने पर अलमारी खुली और सामान बिखरा मिला, तब घटना की जानकारी हुई।
इसी रात गांव के ही पतिराखन लाल पुत्र श्रीराम के घर चोरों ने दीवार में नकब लगाकर प्रवेश किया। परिजन घर में सोते रहे और चोर आराम से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार चोर नवविवाहिता बहू के करीब 5.80 लाख रुपये के जेवर, पत्नी के लगभग तीन लाख रुपये के जेवर तथा हाल ही में वाहन बिक्री से प्राप्त 2.50 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। बताया गया कि छह माह पूर्व हुई शादी के अधिकांश जेवर भी चोरी हो गए।
घटना की सूचना पर भीरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। सुबह करीब पांच बजे क्षेत्राधिकारी गोला भी मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण कर शीघ्र खुलासे का आश्वासन दिया।
थाना प्रभारी रोहित दुबे ने बताया कि दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाएं
भीरा थाना क्षेत्र में बीते कुछ समय से चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व की कई घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो सका है, जिससे चोरों के हौसले बढ़े हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से प्रभावी रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।

Related Articles

Comments

Back to Top