पड़ोसी युवक द्वारा कथित रूप से फोटो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दिए जाने से आहत 18 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या
लखीमपुर खीरी Jun 27, 2026 at 06:33 PM , 10सिंगाही, संवाददाता। थाना क्षेत्र के नौरंगाबाद गांव में पड़ोसी युवक द्वारा कथित रूप से फोटो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दिए जाने से आहत 18 वर्षीय युवती ने शनिवार तड़के फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। मां की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
गांव निवासी यशोदा पत्नी लालता प्रसाद ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि पड़ोस का रहने वाला सचिन पुत्र दयाशंकर उनकी पुत्री मनीषा (18) को काफी समय से परेशान करता था। शुक्रवार शाम वह उनके घर पहुंच गया और मनीषा को परेशान करने लगा। विरोध करने पर उसने कथित तौर पर कहा कि उसके पास मनीषा की कुछ फोटो हैं, जिन्हें वह सभी को दिखाकर परिवार और युवती को बदनाम कर देगा। आरोप है कि इसके बाद सचिन का भाई विपिन और उसकी मां भी मौके पर पहुंच गए तथा पूरे परिवार को देख लेने की धमकी दी।
परिजनों का कहना है कि इस घटना से मनीषा मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गई थी। बदनामी के डर से उसने शनिवार सुबह करीब चार बजे कमरे में प्लास्टिक की डोरी से फांसी लगाकर जान दे दी।
मृतका की दादी महादेवी ने बताया कि रात में परिवार के सभी लोग आंगन में सो रहे थे। सुबह छोटा भाई इंद्रजीत कमरे में गया तो उसने मनीषा को कमरे के कुंडे से लटका देखा। उसने शोर मचाकर परिजनों को सूचना दी। मृतका के पिता देहरादून में नौकरी करते हैं। वह वहीं पर हैं। मनीषा अपनी मां, दादी और दो छोटे भाइयों के साथ गांव में रहती थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारने की कार्रवाई शुरू की, लेकिन परिजनों ने पहले रिपोर्ट दर्ज करने की मांग करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मां की तहरीर के आधार पर सचिन, उसके भाई विपिन और उसकी मां के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।































Comments