यौमे आशूरा पर हैदरी टास्क फोर्स ने पेश की इंसानियत और हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल
लखीमपुर खीरी Jun 27, 2026 at 06:35 PM , 13ठंडे पानी व शर्बत की सबील लगाकर की मानव सेवा, ताजिया जुलूस में संभाली व्यवस्थाएं, भाईचारे का दिया संदेश
लखीमपुर खीरी। यौमे आशूरा (10 मुहर्रम) के अवसर पर हैदरी टास्क फोर्स ने सेवा, इंसानियत और सांप्रदायिक सौहार्द की अनूठी मिसाल पेश की। संगठन की ओर से आमजन, राहगीरों और अकीदतमंदों के लिए ठंडे पानी एवं शर्बत की सबील लगाई गई। भीषण गर्मी के बीच लोगों को ठंडा पानी और शर्बत पिलाकर मानव सेवा का संदेश दिया गया। वहीं ताजिया जुलूस के दौरान संगठन के स्वयंसेवकों ने पेयजल वितरण, भीड़ प्रबंधन, प्राथमिक उपचार और श्रद्धालुओं की सहायता जैसे कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई।
इस अवसर पर हैदरी टास्क फोर्स के जिला अध्यक्ष सैयद अलीशान ज़ैदी ने कहा कि आज देश और समाज को सबसे अधिक हिंदू-मुस्लिम भाईचारे, आपसी प्रेम और सौहार्द की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नफ़रत से कभी किसी का भला नहीं हो सकता। एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनकर ही मजबूत और खुशहाल समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मुहर्रम का संदेश इंसानियत, एकता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना है तथा सभी लोगों से प्रेम और सम्मान के साथ मिल-जुलकर रहने की अपील की।
संगठन के लीगल एडवाइज़र एडवोकेट मोहम्मद आफ़ताब ने कहा कि इमाम हुसैन (अ.स.) की महान कुर्बानी पूरी इंसानियत के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि हुसैनियत सत्य, न्याय, मानवता और अत्याचार के विरुद्ध डटकर खड़े होने का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि तपती गर्मी में राहगीरों की सेवा कर हैदरी टास्क फोर्स कर्बला के इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के स्वयंसेवकों ने पूरी व्यवस्था संभाली और बिना किसी भेदभाव के सभी लोगों की सेवा की। स्थानीय नागरिकों ने हैदरी टास्क फोर्स की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में आपसी विश्वास, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं तथा लखीमपुर खीरी की गंगा-जमुनी तहजीब को और सशक्त बनाते हैं।
इस अवसर पर संस्था के सरपरस्त डॉ. यासूब अब्बास, राष्ट्रीय अध्यक्ष मुन्ने आगा, जिलाध्यक्ष सैय्यद अलीशान ज़ैदी, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष मो. आलम, जिला उपाध्यक्ष आज़म रिज़वी, जिला मंत्री मो. आतिफ, लीगल एडवाइज़र एडवोकेट मो. आफ़ताब, जिला महामंत्री मोहम्मद आलम अंसारी, आकिब खान सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।































Comments