गोटैयाबाग से उठा आठवीं-नौवीं का जुलूस, या हुसैन की सदाओं से गमगीन हुआ शहर
लखीमपुर खीरी Jun 25, 2026 at 06:35 PM , 1(शाजिफ हुसैन)
लखीमपुर खीरी। कर्बला के शहीदों की याद में हजरत इमाम हुसैन और हजरत अब्बास की बहादुरी, वफादारी और शहादत को याद करते हुए आठवीं और नौवीं का दो दिवसीय जुलूस 24 जून 2026 को मोहल्ला गोटैय्याबाग से शुरू होकर शहर के विभिन्न मोहल्लों से होता हुआ गुरुवार को संकटा देवी मार्ग, सदर चौराहा होते हुए सदर कोतवाली पहुंचा। गमगीन माहौल में या हुसैन की सदाओं और नम आंखों के बीच कोतवाली प्रभारी और क्षेत्राधिकारी सदर की मौजूदगी में जुलूस का समापन हुआ।
जुलूस में अलम, हजरत इमाम हुसैन की सवारी के प्रतीक घोड़े दुलदुल और तमाम इस्लामी प्रतीकों की झांकी शामिल रही। मुस्लिम समुदाय के लोग मातम करते हुए चले। कर्बला के शहीदों की याद में शहर के तमाम मोहल्लों और मार्गों में ठंडे पानी, शरबत और खाने-पीने के लंगर का इंतजाम किया गया। जुलूस में हजारों लोगों की शिरकत रही। सड़क के दोनों ओर मकानों में रहने वाले लोगों ने भी नम आंखों के साथ जुलूस में हिस्सा लिया।
इस मौके पर मोहर्रम कमेटी के सदर जनाब ताज मोहम्मद ताज, हुसैनी टाइगर्स संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जनाब सिकंदर हुसैन, जिला अध्यक्ष जफर अली खान, उपाध्यक्ष मोहम्मद आफताब, नगर अध्यक्ष कमर आलम, तौफीक, फहीम खान, मोहम्मद लकी, फारूख, मोहम्मद अहमद, अलीम अहमद सहित हजारों ताजियादार और अकीदतमंद मौजूद रहे।































Comments