बिजली संकट से बेहाल किसानों ने पावर हाउस पर किया प्रदर्शन अधिशासी अभियंता को घेरा, 24 घंटे में सिर्फ 2-3 घंटे मिल रही आपूर्ति

लखीमपुर खीरी , 0

मोहम्मदी खीरी। भीषण गर्मी के बीच बिजली की चरमराई व्यवस्था से आक्रोशित किसानों ने गुरुवार को मोहम्मदी पावर हाउस पहुंचकर अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव किया। किसानों ने जल्द आपूर्ति बहाल न होने पर धरने की चेतावनी दी। 

किसान नेता गुरजीत सिंह के नेतृत्व में शमशेर सिंह, नरेंद्र वर्मा, मेहरबान खां, आसिफ खां, अंकुर कुशवाहा समेत बड़ी संख्या में किसान पहुंचे। किसानों का आरोप है कि बरवर फीडर से जुड़े 20 से अधिक गांवों में अघोषित कटौती के चलते लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। धान की रोपाई रुकी है और गन्ने की फसल सूखने की कगार पर है। 24 घंटे में महज दो से तीन घंटे ही बिजली मिल पा रही है। 

किसानों ने बताया कि फीडर की 65 साल पुरानी जर्जर लाइन के तार आए दिन टूटकर गिर रहे हैं। इससे हादसे का खतरा भी बना रहता है। 

वहीं अधिशासी अभियंता रंजीत कुमार ने कहा कि ओवरलोडिंग के कारण फीडर खोलकर सप्लाई देनी पड़ रही है। गर्मी में लाइन फाल्ट बढ़ने से आपूर्ति प्रभावित हो रही है। फाल्ट दुरुस्त करने का काम जारी है।

Related Articles

Comments

Back to Top