जुलाई में चलेगा संचारी रोग नियंत्रण महाअभियान

लखीमपुर खीरी , 1

(सुनील शर्मा)

लखीमपुर खीरी, 25 जून। जिले में एक से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और 11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। गुरुवार को डीएम अंजनी कुमार सिंह ने अटल सभागार में अंतरविभागीय समन्वय बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। डीएम ने कहा कि वेक्टर जनित रोगों और दिमागी बुखार पर नियंत्रण शासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग तालमेल के साथ जमीनी स्तर पर काम करें। केवल स्वास्थ्य विभाग से लक्ष्य हासिल नहीं होगा। नगर विकास, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, शिक्षा, बाल विकास, पशुपालन, कृषि और सिंचाई विभाग को भी सक्रिय भूमिका निभानी होगी। 
उन्होंने कहा कि गांव से शहर तक स्वच्छता, जल निकासी, एंटी लार्वा छिड़काव, जागरूकता और समय से मरीजों की पहचान अभियान की सफलता की कुंजी है। डीएम ने आमजन से अभियान में सहयोग कर परिवार को सुरक्षित रखने की अपील की। 
सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि 11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान में आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार, दिमागी बुखार व अन्य संचारी रोगों के संभावित मरीजों की पहचान करेंगी। समय पर इलाज की व्यवस्था कराई जाएगी। पूरे अभियान का संचालन स्वास्थ्य विभाग नोडल के रूप में करेगा।

Related Articles

Comments

Back to Top