एसओजी बनकर युवक का अपहरण, मानवाधिकार आयोग पहुंचा मामला
लखीमपुर खीरी Jun 23, 2026 at 07:25 PM , 3मोहम्मदी खीरी। नगर के आमिर नगर मोहल्ले के बाराती चौराहे से एक युवक के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि खुद को एसओजी पुलिस बताकर आए हथियारबंद लोग युवक को जबरन उठा ले गए। कोतवाली पुलिस के संज्ञान न लेने से परिजन दहशत में हैं। मामला अब मानवाधिकार आयोग तक पहुंच गया है। आमिर नगर चौकी क्षेत्र के निवासी मिर्जा रवी बेग ने बताया कि 21 जून की शाम करीब 6:20 बजे उनके भाई जावेद बेग पुत्र कल्लू बेग बाराती चौराहे पर खड़े थे। तभी बिना नंबर प्लेट की सफेद टाटा सूमो में सवार 6-7 हथियारबंद लोग पहुंचे। उन्होंने खुद को एसओजी पुलिस बताया और जावेद को जबरन गाड़ी में डालकर ले गए। घटना के बाद परिजनों ने चौकी और कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने किसी भी गिरफ्तारी या एसओजी कार्रवाई से इनकार किया। आरोप है कि सूचना पर रात करीब 10:30 बजे क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। इससे परिजन आशंकित हैं। पीड़ित पक्ष ने 23 जून को तीन जगह शिकायत की। पहली शिकायत आईजीआरएस जनसुनवाई पर दर्ज कराई गई। शिकायत संख्या 40015326031922 है। मामला प्राथमिकी दर्ज न करने का है और स्थिति लंबित है। दूसरी शिकायत उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग लखनऊ में की गई। डायरी संख्या 4813/आईएन/2026 है। तीसरी शिकायत पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश को भेजी गई। परिजनों ने जावेद बेग की सकुशल बरामदगी और आरोपियों पर अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का पक्ष
इस मामले में पुलिस अधीक्षक कार्यालय व कोतवाली मोहम्मदी का आधिकारिक पक्ष जानने के लिए फोन किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।































Comments