पीडब्ल्यूडी दफ्तर में रिश्वत लेते वरिष्ठ लिपिक गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी Jun 23, 2026 at 07:20 PM , 7लखीमपुर-खीरी। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ लिपिक संजय को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी पर एक दिवंगत कर्मचारी की पत्नी से पेंशन की फाइल पास कराने के नाम पर पैसा मांगने का आरोप है। घटना के बाद पीडब्ल्यूडी दफ्तर में हड़कंप मच गया।
लखनऊ से आई टीम के इंस्पेक्टर टीपी वर्मा ने बताया कि प्रांतीय खंड-1 में तैनात संजय ने दिवंगत कर्मचारी की पत्नी से पेंशन के काम के बदले 50 हजार रुपये मांगे थे। पैसे न देने पर फाइल रोक दी गई। परेशान महिला ने एंटी करप्शन विभाग में शिकायत की।
शिकायत की जांच के बाद टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत महिला ने संजय को दफ्तर में पैसे देने के लिए बुलाया। जैसे ही संजय ने रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया। केमिकल लगे नोटों से उसके हाथ रंग गए।
आरोपी के खिलाफ सदर थाने में भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई है। टीम आरोपी को लखनऊ ले गई है, जहां आगे पूछताछ होगी।
दिनदहाड़े हुई इस कार्रवाई से दफ्तर में अफरातफरी मच गई। कई कर्मचारी दफ्तर छोड़कर चले गए। बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से पेंशन और जीपीएफ के मामलों में विधवाओं और रिटायर कर्मचारियों से वसूली कर रहा था।
इंस्पेक्टर टीपी वर्मा ने कहा कि भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति है। शिकायत करने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। पीड़िता ने बताया कि पति की मौत के बाद से वह पेंशन के लिए चक्कर काट रही थी। एंटी करप्शन की कार्रवाई से उसे न्याय की उम्मीद जगी है। जिले में टीम की इस कार्रवाई की हर तरफ सराहना हो रही है।































Comments