सिद्ध बाबा मंदिर से घंटा-त्रिशूल चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

लखीमपुर खीरी , 2

सिंगाही-खीरी। क्षेत्र के प्रसिद्ध सिद्ध बाबा मंदिर से घंटा और त्रिशूल चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद कर लिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार चौबे ने बताया कि सिंगहा कलां स्थित सिद्ध बाबा मंदिर से बीती 11 जून को घंटा और त्रिशूल चोरी हो गया था। चोरी की पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। घटना के संबंध में 19 जून को मंदिर प्रबंधन की ओर से तहरीर दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में इंद्रेश कुमार पुत्र बाबूराम, जय प्रकाश पुत्र माता प्रसाद निवासी टांडा थाना पढुआ तथा रोहित मौर्य पुत्र जय प्रकाश निवासी खरवहिया नंबर-2 थाना पढुआ शामिल हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया घंटा और त्रिशूल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मंदिर से चोरी हुए धार्मिक सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Comments

Back to Top