लखीमपुर सीतापुर रेल नेटवर्क मजबूत, जितिन प्रसाद के प्रयासों से नई ट्रेन को मिली मंजूरी

लखीमपुर खीरी , 4

एपी सिंह 
लखीमपुर खीरी। क्षेत्रीय सीमाओं से ऊपर उठकर विकास की एक बड़ी पहल सामने आई है। केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के निरंतर प्रयासों के चलते लखीमपुर सीतापुर रेल संपर्क को एक नई मजबूती मिली है। रेल मंत्रालय ने कासगंज से (ऐशबाग) लखनऊ वाया बरेली, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, लखीमपुर और सीतापुर होकर चलने वाली नई रेलगाड़ी संख्या 15312/15311 के संचालन को हरी झंडी दे दी है। इस फैसले को तराई क्षेत्र समेत लखीमपुर खीरी और सीतापुर जिले के नागरिकों के लिए एक बड़ी सौगात माना जा रहा है।जितिन प्रसाद लंबे समय से तराई क्षेत्र को बेहतर रेल कनेक्टिविटी दिलाने के लिए प्रयासरत थे। इस नई ट्रेन के शुरू होने से मैलानी, लखीमपुर खीरी और सीतापुर के लाखों यात्रियों को राजधानी लखनऊ समेत अन्य प्रमुख शहरों तक आने-जाने में सुगम, सुलभ और आरामदायक सुविधा मिलेगी। यह सेवा विशेष रूप से दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों और आम जनता के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होगी।श्री प्रसाद जी भले ही पूर्व में इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व सांसद के रूप में कर चुके हैं, लेकिन क्षेत्रवासियों के साथ उनका आत्मीय जुड़ाव आज भी पहले की तरह मजबूत है। केंद्रीय मंत्री के रूप में वे लगातार सीतापुर और लखीमपुर खीरी के नागरिकों के संपर्क में रहते हैं। हाल ही में उनके विशेष अनुरोध पर रेल मंत्रालय ने आनंद विहार-रक्सौल एक्सप्रेस तथा गोरखपुर-दिल्ली सत्याग्रह एक्सप्रेस के मैगलगंज रेलवे स्टेशन पर ठहराव को भी मंजूरी दी थी, जिससे लोगों को दिल्ली, बिहार और गोरखपुर आने-जाने में बड़ी राहत मिली है।
जनता में खुशी की लहर
क्षेत्रीय नागरिकों ने इस निर्णय पर गहरी प्रसन्नता व्यक्त की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि केंद्रीय मंत्री द्वारा जनहित के मुद्दों को गंभीरता से उठाने का ही परिणाम है कि वर्षों पुरानी रेल सुविधा अब धरातल पर साकार हो रही है। यह नई रेल सेवा लखीमपुर खीरी और सीतापुर में व्यापार, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों को एक नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Related Articles

Comments

Back to Top