*खीरी में उत्साह, उमंग, उल्लास से मना 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, जिलेभर में हुए कार्यक्रम*
लखीमपुर खीरी Jun 21, 2026 at 04:25 PM , 0*पिछड़ा वर्ग आयोग उपाध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाल ने किया शुभारंभ… मंडी परिसर बना योग-उत्सव का केंद्र*
*पीएम का सुना संदेश, जनप्रतिनिधियों -अफसरों ने आमजन संग किया योगाभ्यास*
*खीरी में योग का महासंगम… मंडी परिसर बना योग-उत्सव का केंद्र, ठहाकों और संकल्पों से गूंजा वातावरण*
लखीमपुर खीरी 21 जून। रविवार को खीरी ने योग के रंग में खुद को पूरी तरह रंग दिया। “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 का जिला मुख्यालय पर कृषि उत्पादन मंडी समिति में सुबह से ही जनसैलाब उमड़ पड़ा और देखते ही देखते मंडी मैदान एक विशाल योगशाला में बदल गया। इसी के साथ तहसील, ब्लाक व विभिन्न सरकारी व निजी संस्थानों में भी योग दिवस पर कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। पूरे कार्यक्रम का सफल संयोजन क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ सुमंत कुमार ने किया।
जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाल ने जनपदीय नोडल अधिकारी मिनिस्ती एस, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी डॉ. ख्याति गर्ग, राज्य महिला आयोग सदस्य सुजीता कुमारी और सीडीओ अभिषेक कुमार के साथ दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी के योग दिवस संबोधन की लाइव स्ट्रीमिंग भी हुई, जिसे उपस्थित जनसमूह ने ध्यानपूर्वक सुना और देखा। पीएम के संदेश ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और “वसुधैव कुटुम्बकम के लिए योग” की भावना को और मजबूत किया।
इसके बाद मंच पर योग गतिविधियों से जुड़ी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्य अतिथि सहित अधिकारियों ने सम्मानित किया। यह आयोजन इस मायने में विशेष रहा कि जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और आम नागरिक एक ही स्थान पर, एक ही लय में योगाभ्यास करते नजर आए। योग प्रशिक्षक कुलदीप वर्मा के निर्देशन में प्रशिक्षक प्रिंस रंजन ने सामूहिक योगाभ्यास कराया। कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत ग्रीवा शक्ति, ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्ध चक्रासन, भद्रासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतुबंधासन, उत्तानपादासन, अर्ध हलासन, पवनमुक्तासन सहित विभिन्न योगासन कराए गए। साथ ही कपालभाति, नाड़ी शोधन, शीतली एवं भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास भी कराया गया। पूरे परिसर में “करें योग, रहें निरोग” का संदेश गूंजता रहा।
*योग से तन और मन रहता स्वस्थ, नियमित अभ्यास जरूरी : मुख्य अतिथि*
मुख्य अतिथि सूर्य प्रकाश पाल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा का अमूल्य उपहार है, जिसने आज पूरी दुनिया को स्वास्थ्य और संतुलन का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर, मन और आत्मा तीनों का विकास होता है।
*योग भारत की ऋषि परंपरा का अमूल्य उपहार : सूर्य प्रकाश पाल*
मुख्य अतिथि पिछड़ा वर्ग आयोग उपाध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाल ने कहा कि हम अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के 12वें संस्करण को पूरे उत्साह के साथ मना रहे हैं। आज पूरी दुनिया में करोड़ों लोग ‘वसुधैव कुटुम्बकम के लिए योग’ की भावना के साथ योग कर रहे हैं। योग तन, मन को स्वस्थ रखता है, इसलिए इसका नियमित अभ्यास जरूरी है। यह भारत की ऋषि परंपरा का अमूल्य उपहार है, जो शरीर के साथ मानसिक और आध्यात्मिक विकास भी करता है। उन्होंने ‘स्वस्थ भारत, सशक्त भारत’ के लिए सभी से नियमित योग करने और दूसरों को भी प्रेरित करने का आह्वान किया।
*योग को बनाए जीवन का हिस्सा, अपनी दिनचर्या में करे शामिल : नोडल अधिकारी*
जनपदीय नोडल अधिकारी गन्ना आयुक्त मिनिस्ती एस ने सभी जनपदवासियों को "अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस" की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें तन और मन से फिट रहना है। लिहाजा योग जरूर करना चाहिए। कहा कि योग से तन और मन स्वस्थ रहता है। सभी लोग योग को जीवन का हिस्सा बनाकर अपनी दिनचर्या में शामिल करें। योग शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को समग्र प्रेरणा देता है।
*स्वस्थ और निरोगी रहने के लिए योग जरूरी : डीएम*
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनावमुक्त रखता है और आत्मविश्वास, धैर्य, आत्मनियंत्रण जैसे गुण विकसित करता है। स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। अंत में सीडीओ अभिषेक कुमार ने कार्यक्रम की आवश्यकता एवं प्रासंगिकता बताते हुए नोडल मंत्री, नोडल अधिकारी समेत योग में शामिल होने वाले सभी साधकों के प्रति आभार ज्ञापित किया।
*‘अलख निरंजन’ की धुन पर योग पिरामिड का अद्भुत प्रदर्शन… बालिका साधकों ने दिखाया संतुलन और समन्वय का कमाल*
योग साधक बालिकाओं के ग्रुप ने इस समय के ट्रेंडिंग भक्ति गीत “अलख निरंजन” की धुन पर योग आधारित पिरामिड का आकर्षक सामूहिक प्रदर्शन कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
बालिकाओं ने उत्कृष्ट संतुलन, अनुशासन और टीमवर्क का परिचय देते हुए विभिन्न योग पिरामिड मुद्राओं का प्रदर्शन किया, जिसमें शारीरिक लचीलापन और एकाग्रता का सुंदर संगम देखने को मिला। संगीत की लय और योग मुद्राओं के समन्वय ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन ने इस अनोखी प्रस्तुति की सराहना करते हुए तालियों की गड़गड़ाहट से बालिका साधकों का उत्साहवर्धन किया।
*इनकी रही मौजूदगी :*
कार्यक्रम में बीजेपी से कुलभूषण सिंह, उमाशंकर मिश्रा, सीडीओ अभिषेक कुमार, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता, एएसपी पवन गौतम, डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह, पीडी डीआरडीए सतीश पाण्डेय, बीएसए प्रवीण तिवारी, डीपीओ भारत प्रसाद, डीसी मनरेगा अमित कुमार परिहार, डीपीआरओ विशाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी, कर्मचारी बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।































Comments