*मालपुर साधन सहकारी समिति में यूरिया वितरण में धांधली, 3 दिन से लाइन में भूखे-प्यासे किसान*

लखीमपुर खीरी , 9

*दलालों को मिल रही बोरियां, सदस्य किसानों को भी नहीं मिल रही खाद, सचिव-सभापति की मौजूदगी में बंटवारे पर सवाल*  

*बिजुआ, लखीमपुर खीरी।* ब्लॉक बिजुआ की साधन सहकारी समिति मालपुर में यूरिया खाद वितरण को लेकर भारी अव्यवस्था और धांधली के गंभीर आरोप लगे हैं। जो खाद के सम्बन्ध में विभागीय दावों की पोल खोल रहे हैं। खरीफ सीजन में यूरिया के लिए किसानों की लंबी कतारें लग रही हैं। आलम यह है कि किसान सुबह 5 बजे से शाम तक भूखे-प्यासे लाइन में खड़े रहते हैं, लेकिन तीन-तीन दिन बाद भी उन्हें खाद नहीं मिल पा रही। 
समिति पर प्रतिदिन सुबह से ही आसपास के दर्जनों गांवों के किसान जुट जाते हैं। दोपहर तक लाइन इतनी लंबी हो जाती है कि समिति परिसर से बाहर सड़क तक पहुंच जाती है। किसानों का आरोप है कि टोकन सिस्टम भी नहीं चला पा रहे। शाम को स्टॉक खत्म बता दिया जाता है। वहीं समिति के सदस्य किसानों को भी प्राथमिकता नहीं मिल रही, जबकि उन्हें तो पहले ही खाद मिलनी चाहिए। 
किसानों ने आरोप लगाया कि समिति में दलाल सक्रिय हैं। लाइन में लगे किसानों को खाद नहीं मिलती, लेकिन कुछ खास लोग व दलाल बिना लाइन के 10-15 बोरी यूरिया ले जाते हैं। आरोप है कि यह सब सचिव व बैंक के सभापति रमेश कुमार वर्मा की मौजूदगी में हो रहा है, जो स्वयं बैठकर खाद बंटवाते हैं। एक किसान ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, "तीन दिन से घर-बार छोड़कर लाइन में लगा हूं। बच्चे के स्कूल की फीस नहीं जमा कर पा रहा, खेत में यूरिया नहीं डाली तो फसल बर्बाद हो जाएगी। चर्चा है कि दलाल 500 रुपये बोरी के हिसाब से ब्लैक में बेच रहे हैं।" एक महिला किसान ने कहा कि "सुबह से पानी तक नसीब नहीं होता। धूप में खड़े-खड़े हालत खराब हो जाती है।"
 किसानों ने जिला प्रशासन और कृषि विभाग से मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। किसानों का कहना है कि वितरण में पारदर्शिता लाई जाए, टोकन के हिसाब से आधार कार्ड देखकर खाद दी जाए और सीसीटीवी से निगरानी हो। साथ ही समिति के सदस्यों को पहले खाद देने के नियम का पालन कराया जाए।

Related Articles

Comments

Back to Top