शारदा नहर में नहाने गए दो किशोरों की डूबकर मौत, 11 किमी दूर मिले शव

लखीमपुर खीरी , 3

लखीमपुर खीरी। शारदानगर थाना क्षेत्र में शारदा नहर में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस और गोताखोरों ने शनिवार सुबह सर्च ऑपरेशन चलाकर दोनों के शव नहर से बरामद किए। 

कस्बा शारदानगर निवासी हिमांशु गुप्ता (14) पुत्र कृष्णकांत और रुद्र अवस्थी (12) पुत्र अनुज अवस्थी शुक्रवार शाम करीब चार बजे शारदा बैराज के पास नहर में नहाने गए थे। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। नहर किनारे दोनों बच्चों के कपड़े और चप्पल मिलने से डूबने की आशंका गहरा गई। 

सूचना पर थाना प्रभारी शारदानगर ब्रजमोहन पुलिस बल और गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंचे। रात होने से सर्च ऑपरेशन नहीं चल सका। शनिवार सुबह गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव घटनास्थल से लगभग 11 किलोमीटर दूर नहर से बरामद किए गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।

Related Articles

Comments

Back to Top