शारदानगर में चोरों का आतंक, खिड़की काटकर घर में घुसे चोरों ने लाखों के जेवरात व नकदी उड़ाई

लखीमपुर खीरी , 3

सेफ का ताला खोलकर लाखों का सामान ले गए चोर, पीड़ित ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग


लखीमपुर खीरी। थाना शारदानगर क्षेत्र के ग्राम जटपुरवा में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये कीमत के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने घर की खिड़की काटकर अंदर प्रवेश किया और कमरे में रखी सेफ को चाबी से खोलकर उसमें रखा कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। ग्राम जटपुरवा निवासी अनुप मगहर पुत्र शोभन लाल ने थाना शारदानगर पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर घटना की जानकारी दी है। पीड़ित के अनुसार घटना के समय रात करीब 11 बजे परिवार के लोग खेत पर बैठे हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मौका पाकर घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित ने बताया कि चोर घर से एक जोड़ी सोने के झुमके, करीब आधा तोला मंगलसूत्र, एक तोला सोने की चैन, सोने की अंगूठियां, छह जोड़ी चांदी की पायल, 500 ग्राम चांदी, दस हजार रुपये नकद समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। सुबह जब परिवार के लोग घर पहुंचे तो चोरी की जानकारी होने पर हड़कंप मच गया। सूचना के बाद पीड़ित ने पुलिस से मौके की जांच कराकर अज्ञात चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं शारदानगर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।

Related Articles

Comments

Back to Top