महिलाओं का आरोप ब्लॉक मिशन प्रबंधन इकाई कर्मी के व्यवहार और कार्यशैली से आक्रोश सौंपा ज्ञापन
लखीमपुर खीरी Jun 20, 2026 at 06:27 PM , 6निघासन खीरी।राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने ब्लॉक मिशन प्रबंधन इकाई के एक कर्मी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए क्षेत्रीय विधायक को ज्ञापन सौंपकर गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। महिलाओं ने संबंधित कर्मी पर अभद्र व्यवहार, मानसिक उत्पीड़न तथा सरकारी योजनाओं के संचालन में कथित अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।ज्ञापन में महिलाओं का कहना है कि वे सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं से जुड़कर स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में कार्य कर रही हैं, लेकिन संबंधित कर्मी के कथित व्यवहार के कारण उन्हें लगातार अपमान और प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि बैठकों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में महिलाओं के साथ असम्मानजनक भाषा का प्रयोग किया जाता है, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा और मनोबल प्रभावित हो रहा है।महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता का अभाव है तथा कई निर्णय मनमाने ढंग से लिए जा रहे हैं। ज्ञापन में संबंधित कर्मी की कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय जांच कराए जाने और आरोप सिद्ध होने पर उन्हें निघासन ब्लॉक से हटाने की मांग की गई है।महिला समूहों का कहना है कि यदि उनकी शिकायतों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो वे आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने को बाध्य होंगी। ज्ञापन सौंपे जाने के बाद क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।हालांकि समाचार लिखे जाने तक संबंधित कर्मचारी अथवा विभागीय अधिकारियों का पक्ष सामने नहीं आ सका था। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कराए जाने की संभावना है।































Comments