गोला में चोरों ने सरकारी तंत्र को दी खुली चुनौती, बी-पैक्स सहकारी समिति का ताला तोड़ लाखों का सामान पार
लखीमपुर खीरी Jun 16, 2026 at 06:52 PM , 16गोला गोकर्णनाथ-खीरी, मंगल कोथाना हैदराबाद की पुलिस चौकी अजान क्षेत्र के ग्राम बघमरा में चोरों ने कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दीं। बहुदेशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति बी-पैक्स लिमिटेड के कार्यालय को निशाना बनाते हुए बेखौफ चोर सोमवार की रात मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और लाखों का सामान समेट ले गए। सचिव मदन लाल भारती ने बताया कि सोमवार शाम 4 बजे कर्मचारी खाद वितरण व लेखा-जोखा निपटाकर कार्यालय बंद करके घर चले गए थे। मंगलवार सुबह जब कर्मचारी दफ्तर पहुंचे तो मेन गेट का ताला टूटा पड़ा था। अंदर का नजारा देख सबके होश उड़ गए। इन्वर्टर, बैटरी, सीलिंग पंखा, डेस्कटॉप, प्रिंटर, ई-पॉस मशीन समेत पूरा कीमती सामान गायब था। फाइलें और रजिस्टर फर्श पर बिखरे पड़े थे। घटना की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। मगर पुलिस की लापरवाही ने जले पर नमक छिड़क दिया। सूचना के कई घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और खानापूर्ति कर लौट गई। सचिव मदन लाल भारती ने थाना हैदराबाद में लिखित तहरीर देकर चोरों की गिरफ्तारी व सामान बरामदगी की मांग की है।इस वारदात के बाद पूरे अजान क्षेत्र में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इलाके में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। जब सरकारी कार्यालय में रातभर ताला तोड़कर चोर लाखों का माल उठा ले जाते हैं तो आम आदमी के घर और दुकान कैसे सुरक्षित रहेंगे। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और 48 घंटे में चोरों को पकड़ने की मांग की है।
सवाल सीधा है कि बी-पैक्स जैसी सरकारी संस्था में सेंध लगना पुलिस की नाकामी नहीं तो और क्या है। अगर चौकी से चंद कदम दूर सरकारी दफ्तर सुरक्षित नहीं है तो जनता की सुरक्षा का दावा खोखला साबित हो रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द खुलासा नहीं हुआ तो थाने का घेराव किया जाएगा।































Comments