ज्येष्ठ के सातवें बड़े मंगल पर गोला में उमड़ा आस्था का सैलाब बाबा भूतनाथ मार्ग पर लगा विशाल भंडारे का आयोजन
लखीमपुर खीरी Jun 16, 2026 at 06:50 PM , 15गोला गोकर्णनाथ-खीरी, 16 जून ज्येष्ठ माह के सातवें बड़े मंगलवार को गोला गोकर्णनाथ में धर्म और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। गोला-लखीमपुर रोड स्थित बाबा भूतनाथ मार्ग पर श्रद्धालुओं ने विशाल भंडारे का आयोजन किया। सुबह से ही भंडारे में प्रसाद लेने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लग गया।
भंडारे में गर्म-गर्म तहरी और शीतल जल का प्रसाद वितरित किया गया। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बावजूद भक्तों की आस्था कम नहीं हुई। बच्चे, बूढ़े, महिलाएं और राहगीर कतार में लगकर प्रसाद ग्रहण करते दिखे। पूरा मार्ग जय हनुमान, जय बजरंगबली के जयकारों से गूंज उठा।
इस पुनीत कार्य में वीरेश बाजपेई, आकाश शाह, ऋषि राज, विकास बाजपेई, वीरेंद्र बाजपेई, आकर्ष बाजपेई, नितिन, रत्नेश मिश्रा, अंश मिश्र सहित तमाम श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सेवा की। सभी ने खुद अपने हाथों से दोने में प्रसाद भरकर लोगों को खिलाया। आयोजकों के माथे पर चंदन का तिलक और चेहरे पर सेवा का भाव हर किसी को भक्ति से भर रहा था।
आयोजक वीरेश बाजपेई ने बताया कि बड़े मंगल पर भंडारा कराना गोला की प्राचीन परंपरा है। बाबा बजरंगबली की कृपा से हर साल यह सेवा की जाती है। उद्देश्य सिर्फ एक है कि कोई भी भूखा न रहे और हर व्यक्ति प्रसाद पाकर तृप्त हो। सुबह 10 बजे से शुरू हुआ भंडारा देर शाम तक चलता रहा। हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
बाबा भूतनाथ मार्ग पर भंडारे के कारण मेले जैसा माहौल बन गया। पुलिस ने भी यातायात व्यवस्था संभाली ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। बड़े मंगल पर गोला एक बार फिर भक्ति, सेवा और आस्था की त्रिवेणी में डुबकी लगाता नजर आया।































Comments