पलिया के खालेपुरवा में मगरमच्छ का कहर

लखीमपुर खीरी , 7

पलियाकलां-खीरी।
खालेपुरवा गांव में मगरमच्छ के हमले ने एक परिवार की जिंदगी उजाड़ दी। बालगोविंद पर मगरमच्छ ने ऐसा वार किया कि उनका एक पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इलाज के अभाव और गरीबी के बीच पूरा परिवार टूट चुका है। घटना की खबर मिलते ही क्षेत्रीय विधायक रोमी साहनी सोमवार को पीड़ित के घर पहुंचे। 

विधायक ने घायल बालगोविंद की पत्नी धनदेवी से मुलाकात कर हालचाल जाना। परिवार की माली हालत देख उन्होंने तत्काल इलाज के लिए 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता सौंपी। घर में बच्चों की हालत देखकर विधायक का दिल पसीज गया। तन पर ढंग के कपड़े तक नहीं थे। विधायक ने बच्चों के कपड़ों के इंतजाम के लिए 5 हजार रुपये अलग से दिए। 

विधायक रोमी साहनी ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और कहा कि दुख की इस घड़ी में वह हर कदम पर साथ खड़े हैं। आगे भी जो मदद चाहिए होगी, हरसंभव सहयोग करेंगे। उन्होंने मौके पर ही अफसरों को फोन कर परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के सख्त निर्देश दिए। इस हमले के बाद खालेपुरवा समेत पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी और नालों में मगरमच्छों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। कभी भी कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से इलाके में पुख्ता सुरक्षा इंतजाम करने की मांग उठाई है। 
गांव वालों ने विधायक की तत्परता की सराहना की। कहा कि हादसे के बाद कोई सुध लेने नहीं आया, मगर विधायक खुद चलकर घर आए और मदद की। अब देखना यह है कि वन विभाग मगरमच्छों के आतंक पर कब लगाम लगाता है।

Related Articles

Comments

Back to Top