संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाकर जनहितकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाएं: वासुदेव मौर्य

लखीमपुर खीरी , 14

लखीमपुर खीरी। भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित जिला पदाधिकारी बैठक में जिला प्रभारी एवं पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य वासुदेव मौर्य ने कहा कि लखीमपुर खीरी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनहितकारी नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने का कार्य सभी पदाधिकारी पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें। सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे, यही संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि संगठन का मुख्य आधार बूथ है और बूथ इसका सबसे महत्वपूर्ण भाग है। संगठन द्वारा किए जा रहे कार्यों का क्रियान्वयन बूथ स्तर तक होना चाहिए, जिससे आम जनता सीधे लाभान्वित हो सके।

उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस से शुरू हुए "मोदी सरकार के 12 साल—विश्वास, विकास और जनकल्याण" कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत आयोजित बैठक में कहा कि सरकार और संगठन द्वारा दिए गए कार्यों में शासन की भी सहभागिता है। इन प्रयासों का उद्देश्य आम जनजीवन को बेहतर बनाना है।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि संगठन द्वारा दिए गए कार्यों को सभी पदाधिकारी प्राथमिकता के साथ पूरा कर रहे हैं। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी ढंग से संपन्न कराने की अपेक्षा करते हुए कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जून माह तक चलने वाले जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत 12 जून को पार्टी कार्यालय पर मीडिया संवाद कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। आगामी 17 जून को विकसित भारत सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें प्रबुद्धजनों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सम्मेलन में चिकित्सकों, अधिवक्ताओं एवं अन्य बुद्धिजीवियों की सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया।

उन्होंने बताया कि 18 जून को प्राकृतिक खेती पर कार्यशाला ग्रामीण विकास विभाग, देवकली रोड स्थित भंसारिया में आयोजित होगी। वहीं 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जिले सहित सभी मंडलों में एक साथ मनाया जाएगा। इसके अलावा आयोजित किए जा रहे जनकल्याण शिविरों का लाभ आम जनता तक पहुंचे, इसकी जिम्मेदारी सभी पदाधिकारी निभाएं।

उन्होंने बताया कि 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय सहित सभी मंडलों में गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री मनोज वर्मा ने किया।

बैठक की जानकारी देते हुए जिला मीडिया प्रभारी रमेश चंद्र मिश्र ने बताया कि जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने सभी कार्यक्रमों के लिए बनाए गए संयोजकों से आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।

बैठक में प्रमुख रूप से राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सुजीत कुमारी, जिला महामंत्री अनुराग मिश्रा, राजेश सिंह, आशू मिश्रा, रामजी मौर्य, संजय मिश्रा, श्रीमती किरण अग्रवाल, जितेंद्र साहनी, संतोष कुमारी, संगीता पुरी, शरद मिश्र, रश्मि गुप्ता, अमित सिंह, रामभरोस वर्मा, गणेश शंकर गौतम, राजीव मिश्रा, संजय गुप्ता, शौर्य सक्सेना, अंकित अवस्थी, ऋषभ पांडेय, सौरभ त्रिवेदी, अभिजात मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top