*आदर्श नगर पालिका में भ्रष्टाचार का आलम, करोड़ों की लागत से बन रहा आरसीसी नाला धराशायी*
लखीमपुर खीरी Jun 14, 2026 at 06:52 PM , 18*मोहम्मदी-खीरी।* आदर्श नगर पालिका का दर्जा रखने वाली मोहम्मदी नगर पालिका परिषद में भ्रष्टाचार थमने का नाम नहीं ले रहा है। नगर के मोहल्ला सरैया से मण्डी मार्ग पर एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्माणाधीन आरसीसी नाले की दीवार शनिवार की शाम अचानक भरभराकर गिर गई। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि निर्माण कार्य में जमकर लापरवाही बरती जा रही है और घटिया सामग्री का इस्तेमाल हो रहा है। दीवार गिरने की घटना ने नगर पालिका के दावों की पोल खोल दी है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि इस घटिया आरसीसी नालें के निर्माण और जेसीबी मशीन से घर के निकास द्वारा के पास बड़े-बड़े गड्ढे खोद देने से घर से निकलना मुश्किल है और कभी भी बड़ा हादसा होने का डर बना रहता है, छोटे बच्चे इस पानी से भरे गहरी खाई नुमा गड्ढे में ना गिर जाए यह चिंता बनी रहती है। इस संबंध में कई बार-बार मोहल्ले के सभासद से लेकर नगर पालिका अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी से शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं। निर्माण शुरू होते ही नाले में दरारें और अब दीवार गिरना साफ दर्शाता है कि ठेकेदार और अधिकारियों की मिलीभगत से सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है।
वहीं नगर की जनता की मांग कि निर्माण कार्य की स्वतंत्र एजेंसी से तकनीकी जांच कराई जाए व घटिया निर्माण के लिए दोषी ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर लापरवाह अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई हो और भ्रष्टाचार पर रोक लगाकर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित किया जाए।
बरसात से पहले नाले का काम पूरा न होने और अब दीवार गिरने से मण्डी मार्ग के दुकानदारों व स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों को डर है कि अधूरा नाला जलभराव की बड़ी समस्या पैदा करेगा।
फिलहाल नगर पालिका के किसी भी जिम्मेदार अधिकारी का पक्ष सामने नहीं आया है। स्थानीय नागरिक जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।































Comments