*पॉच करोड़ रुपये के खाद्यान्न घोटाले के आरोपी के आवास पर सीआईडी टीम ने न्यायालय द्वारा आदेशित कुर्की की नोटिस तामील की*
लखीमपुर खीरी Jun 11, 2026 at 08:50 PM , 15(सुनील शर्मा)
लखीमपुर खीरी, 11 जून अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) लखनऊ खंड की टीम द्वारा आज जनपद लखीमपुर खीरी में पॉच करोड़ रुपये के खाद्यान्न घोटाले के मुख्य आरोपी के घर पहुंचकर न्यायालय के आदेशानुसार कुर्की की नोटिस तामील करायी गयी। सीआईडी निरीक्षक राजेश कुमार मिश्रा एवं निरीक्षक राहुल द्विवेदी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने थाना कोतवाली सदर अंतर्गत ऑफिसर्स कॉलोनी, लखीमपुर स्थित आरोपी अशोक कुमार शुक्ला पुत्र नर्वदेश्वर शुक्ला के आवास पर कोर्ट के आदेशानुसार नोटिस चस्पा किया। आरोपी अशोक कुमार शुक्ला वर्ष 2021 में फूड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (FCI) सीतापुर के गोदाम प्रभारी के पद पर तैनात थे। उनके द्वारा गोदाम से खाद्यान्न का भारी मात्रा में गबन कर लगभग पॉच करोड़ रुपये का घोटाला किया गया था। इस संबंध में थाना रामकोट, जनपद सीतापुर में अपराध संख्या 423/21 धारा 409 IPC के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपी घटना के समय से ही फरार चल रहा है। न्यायालय के आदेश पर आरोपी की संपत्ति की कुर्की की कार्यवाही के क्रम में सीआईडी की टीम ने आज आरोपी के आवास पर पहुंचकर नोटिस चस्पा किया गया। फरार आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर न्याय के कटघरे में लाने तथा सरकारी धन की वसूली सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं।































Comments