उप-मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जैन संतों का किया जोरदार स्वागत

लखीमपुर खीरी , 23

डॉक्टर मणिभद्र मुनि जी की पदयात्रा  नेपाल के साथ भारत के कई राज्यों से होते हुए छत्तीसगढ़ पहुंची

निघासन खीरी : मानव मिलन संस्थापक नेपाल केसरी डॉक्टर मणिभद्र मुनि जी महाराज की पदयात्रा छत्तीसगढ़ पहुंची तो छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जोरदार स्वागत किया। पदयात्रा में तिकुनिया सहित भारत के कई राज्यों के भक्त जैन संत की पदयात्रा में शामिल हो रहे हैं।
                 छत्तीसगढ़ के उप-मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने अपने गृह नगर कवर्धा आगमन के दौरान जैन समाज के प्रतिष्ठित राष्ट्र संत, नेपाल केसरी डॉ. मणिभद्र महाराज का शाल ओढ़ाकर स्वागत किया। सर्वोदय शांति पदयात्रा पर निकले जैन मुनि इन दिनों छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के प्रवास पर हैं। उप-मुख्यमंत्री ने जैन संत के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस आत्मीय मुलाकात के दौरान उप-मुख्यमंत्री विजय शर्मा और जैन मुनि के बीच प्रदेश में पैदल विचरण करने वाले जैन संतों और साध्वियों की सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। गृह मंत्री ने जैन मुनि को आश्वस्त किया कि छत्तीसगढ़ सरकार राज्य की सीमाओं के भीतर पदयात्रा करने वाले सभी जैन साधु-साध्वियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संतों की पदयात्रा पूरे प्रदेश में पूरी तरह सुरक्षित और सुगम रहेगी। मुलाकात के दौरान मानव मिलन संस्था के संस्थापक जैन मुनि डॉ. मणिभद्र महाराज ने उप-मुख्यमंत्री को संस्था की गतिविधियों और विभिन्न सामाजिक कार्यों पर आधारित एक विवरणिका पुस्तक भी भेंट की।

नेपाल से शुरू हुई 1500 किलोमीटर की लंबी सर्वोदय शांति पदयात्रा:

जैन मुनि डॉ. मणिभद्र महाराज के नेतृत्व में चल रही यह सर्वोदय शांति पदयात्रा नेपाल से लगभग 1500 किलोमीटर की दूरी तय करके छत्तीसगढ़ पहुंची है। इस यात्रा की शुरुआत 6 जनवरी 2026 को नेपाल के पोखरा से हुई थी, जिसने 7 फरवरी को लुंबिनी से भारत की सीमा में प्रवेश किया। भारत में प्रवेश के बाद यह यात्रा उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और वाराणसी से होते हुए मध्य प्रदेश के रीवा, कटनी और जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों से गुजरी। लगभग एक महीने के सफर के बाद अब इस शांति यात्रा का छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में आगमन हुआ है।

दुर्ग में होगा इस वर्ष का चातुर्मास:

तिकुनिया मानव मिलन अध्यक्ष दिनेश कुमार जैन ने बताया कि कबीरधाम के बाद जैन संतों की यह यात्रा बिहार के रास्ते रायपुर होते हुए दुर्ग पहुंचेगी। इस वर्ष जैन संतों का चातुर्मास दुर्ग में ही निर्धारित है, जहां श्रद्धालु उनके सानिध्य में आध्यात्मिक लाभ ले सकेंगे। इस सर्वोदय शांति पदयात्रा में राष्ट्र संत नेपाल केसरी डॉ. मणिभद्र मुनि महाराज के साथ बाल संस्कारक पुनीत मुनि महाराज और साधना प्रेमी मुनि सुदेश कुमार जी महाराज भी सहयात्री के रूप में शामिल हैं और लगातार समाज को शांति व सदाचार का संदेश दे रहे हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top