*व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से लखनऊ व्यापार मण्डल बताया*

लखनऊ , 6

*लखनऊ।* लखनऊ व्यापार मंडल द्वारा जनपद लखनऊ के विभिन्न व्यापारिक क्षेत्रों से जुड़ी गंभीर समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी एवं वाणिज्य बन्धु के अध्यक्ष को विस्तृत ज्ञापन लखनऊ व्यापार मण्डल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने सौंपा। व्यापार मंडल ने कहा कि बिजली, नगर निगम, जीएसटी, एल.डी.ए., पीडब्ल्यूडी एवं यातायात विभाग से संबंधित समस्याओं के कारण व्यापारियों एवं आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

अध्यक्ष ने ज्ञापन में बताया कि शहर में बिजली संकट अत्यंत गंभीर हो चुका है। बाजारों में कई-कई घंटे बिजली कटौती होने से व्यापार पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। ग्राहकों को गर्मी में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है तथा डिस्प्ले व्यवस्था प्रभावित होने से व्यापारियों की बिक्री घट रही है। पुराने लखनऊ में जर्जर बिजली के खंभों एवं कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। व्यापार मंडल ने बाजारों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा लोड के अनुसार नए ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की।

नगर निगम से संबंधित समस्याओं में व्यापार मंडल ने कहा कि बाजारों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। पेयजल, शौचालय, पार्किंग एवं साफ-सफाई की उचित व्यवस्था नहीं है। साथ ही साप्ताहिक बाजारों एवं अव्यवस्थित सब्जी मंडियों के कारण शहर में जाम की स्थिति बनी रहती है। व्यापार मंडल ने मांग की कि शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से साप्ताहिक बाजारों को बाहर स्थानांतरित किया जाए।

जीएसटी से संबंधित मुद्दों पर व्यापार मंडल ने ई-वे बिल क्लोज करने की नई व्यवस्था का विरोध किया। व्यापार मंडल ने कहा कि ई-वे बिल की समय सीमा पहले से निर्धारित होती है और समय समाप्त होने पर वह स्वतः निष्क्रिय हो जाता है। ऐसे में अलग से ई-वे बिल क्लोज करने की बाध्यता व्यापारियों पर अनावश्यक तकनीकी बोझ डालने जैसा है। आए दिन सर्वर समस्या एवं तकनीकी त्रुटियों के कारण व्यापारी परेशान रहते हैं।

एल.डी.ए. से संबंधित समस्याओं में व्यापार मंडल ने इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट की लीज होल्ड भूमियों को फ्री होल्ड करने की लंबित प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने की मांग की। साथ ही नई नीति बनने तक भू-स्वामियों के विरुद्ध किसी प्रकार की कार्रवाई न करने का अनुरोध किया गया।

पीडब्ल्यूडी विभाग के संबंध में व्यापार मंडल ने शहर की खराब सड़कों की ओर ध्यान आकर्षित कराया। नादान महल रोड, मेडिकल कॉलेज रोड, राजा बाजार रोड सहित कई मार्गों पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।

यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापार मंडल ने कहा कि शहर में जाम की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। चारबाग, चौक, मेडिकल कॉलेज एवं अन्य प्रमुख बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित है। ई-रिक्शाओं की संख्या आवश्यकता से अधिक हो चुकी है। व्यापार मंडल ने रूट-वाइज सर्वे कराकर नियंत्रित संचालन की मांग की।

व्यापार मंडल ने जाम से राहत हेतु कई सुझाव भी दिए, जिनमें मेडिकल कॉलेज से चौक मार्ग पर बैरिकेडिंग हटाना, अवैध बाजार एवं फूड स्टॉल हटाना, भूमिगत पार्किंग बनाना तथा संयुक्त यातायात प्रबंधन समिति का गठन प्रमुख हैं।

व्यापार मंडल ने जिलाधिकारी से सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने की मांग की, जिससे व्यापार सुचारु रूप से संचालित हो सके एवं आम जनता को राहत मिल सके।

Related Articles

Comments

Back to Top