एसडीएम सदर के निलंबन और प्रमोशन रोकने की मांग, अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री को सौंपेगा ज्ञापन

लखीमपुर खीरी , 60

लखीमपुर खीरी।उत्तर प्रदेश अधिवक्ता महासंघ के बैनर तले वकीलों ने एसडीएम सदर अश्वनी कुमार सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महासंघ का एक प्रतिनिधिमंडल 29 मई 26 को सुबह 11 बजे डीएम खीरी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपेगा। इस ज्ञापन में एसडीएम सदर को तुरंत निलंबित करने और उनके ए.डी.एम. पद पर प्रस्तावित प्रमोशन को रोकने की मांग की गई है।
उत्तर प्रदेश अधिवक्ता महासंघ के प्रान्तीय उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह सूर्यवंशी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एसडीएम सदर अश्वनी कुमार सिंह सरकार की नीतियों के विपरीत काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी ने शहर के प्रतिष्ठित भुईफोरवानाथ मन्दिर की जमीन को हड़पने में भू-माफियाओं का सहयोग किया है। इसके अलावा, सार्वजनिक प्रयोजन की भूमि को भी अवैध तरीके से भू-माफियाओं के नाम करने के आदेश की पुष्टि की है।
महासंघ के अनुसार, जिले से गुजरने वाले प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग (ग्रीन फील्ड हाईवे) के नाम पर हाईवे के लिए तय भूमि के स्थान पर सदर तहसील के महोला और अमृतापुर सहित 11 गांवों की संपूर्ण भूमि की खरीद बिक्री पर अनाधिकार और तानाशाहीपूर्ण तरीके से रोक लगा दी गई है। इससे आम जनता को भारी परेशानी हो रही है और सरकार के राजस्व को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है।अधिवक्ता महासंघ के पूर्व चेयरमैन व सदस्य अजय कुमार शुक्ल के नेतृत्व में यह विरोध जताया जा रहा है। महासंघ का कहना है कि एसडीएम सदर और एसडीएम निघासन के हैसियत से किए गए उनके कार्यों की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। जब तक जांच पूरी नहीं होती, उन्हें निलंबित किया जाए और उनके ए.डी.एम. पद पर होने वाले प्रमोशन को तत्काल रोका जाए।

Related Articles

Comments

Back to Top