धौरहरा कोतवाली में नवागत थाना प्रभारी की पहली बैठक, जनता और पत्रकारों को दिया भरोसा

लखीमपुर खीरी , 29

धौरहरा। धौरहरा कोतवाली में नवागत थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा ने क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं और पत्रकारों के साथ एक अहम बैठक आयोजित कर परिचय प्राप्त किया। बैठक के दौरान कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था तथा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा की गई।

बैठक में मौजूद पत्रकारों और स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में बढ़ रही चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर अपनी चिंताएं थाना प्रभारी के सामने रखीं। इस पर थाना प्रभारी निरीक्षक ने स्पष्ट कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाएगा तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस जनता के साथ मिलकर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम रखेगी।

थाना प्रभारी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता होगी और कोई भी व्यक्ति बिना संकोच सीधे उनसे संपर्क कर सकता है। शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

आगामी त्योहार बकरीद को लेकर उन्होंने सभी धर्मगुरुओं और नागरिकों से आपसी भाईचारा, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी त्योहार शांति और सद्भाव के साथ मनाए जाएं, यही पुलिस प्रशासन की मंशा है।

इसके साथ ही थाना प्रभारी ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। बैठक के दौरान पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।

Related Articles

Comments

Back to Top