9 मई को लखनऊ में राष्ट्रीय लोक अदालत, त्वरित व सस्ता न्याय दिलाने की तैयारी तेज
लखनऊ Apr 27, 2026 at 08:55 PM , 34लखनऊ:
जन सामान्य को त्वरित, सस्ता एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 9 मई 2026 (शनिवार) को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार किया जा रहा है।
आगामी लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा के लिए सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। यह बैठक माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष मलखान सिंह के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई, जिसमें नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत प्रकाश तिवारी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुंवर मित्रेश सिंह कुशवाहा, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) राज बहादुर, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.के. श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में निर्देश दिए गए कि अधिक से अधिक मामलों को चिन्हित कर उनका निस्तारण लोक अदालत के माध्यम से कराया जाए। साथ ही, संबंधित पक्षकारों को नोटिस (तामीला) शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। सम्मन सेल प्रभारी को भी इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया गया कि चिन्हित मामलों को एनजेडीजी (National Judicial Data Grid) पोर्टल पर दर्ज किया जाए, ताकि सुनवाई और निस्तारण की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से पूरी हो सके।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के सचिव ने आमजन से अपील की है कि वे अपने लंबित मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रस्तुत कर आपसी समझौते के माध्यम से त्वरित निस्तारण का लाभ उठाएं।































Comments