नो स्मोकिंग डे पर सीएमओ कार्यालय में जागरूकता कार्यक्रम, तंबाकू छोड़ने की दिलाई गई शपथ

लखीमपुर खीरी , 195

तंबाकू से हर साल लाखों मौतें, युवाओं में बढ़ती लत पर चिंता
लखीमपुर खीरी।राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत नो स्मोकिंग डे के अवसर पर सीएमओ कार्यालय सभागार में जागरूकता कार्यक्रम एवं हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने की। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को तंबाकू सेवन न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि धूम्रपान निषेध दिवस की शुरुआत वर्ष 1984 में मार्च के दूसरे बुधवार को की गई थी, जिसका उद्देश्य लोगों को धूम्रपान के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि भारत में धूम्रपान और तंबाकू सेवन के कारण हर वर्ष लगभग 13 लाख से अधिक लोगों की मौत हो जाती है। इसके साथ ही सेकेंड हैंड स्मोक यानी दूसरों के धूम्रपान के धुएं से भी लगभग 10 लाख लोगों की मृत्यु होती है।उन्होंने कहा कि एक सिगरेट पीने से व्यक्ति अपने जीवन के 5 से 20 मिनट तक कम कर लेता है। तंबाकू सेवन से 10 से अधिक प्रकार के कैंसर, हृदय रोग, स्ट्रोक, फेफड़ों की बीमारियां और अस्थमा जैसी गंभीर बीमारियां होती हैं। धूम्रपान करने वाले लोग सामान्य लोगों की तुलना में औसतन 10 वर्ष पहले मृत्यु का शिकार हो जाते हैं।सीएमओ ने बताया कि चिंताजनक बात यह है कि 13 से 15 वर्ष के लगभग 8 प्रतिशत बच्चे तंबाकू का उपयोग करते पाए गए हैं और युवाओं में इसका चलन तेजी से बढ़ रहा है। इसलिए समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम चलाकर लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के बारे में बताना बेहद आवश्यक है।कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रमोद वर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके माध्यम से लोगों को तंबाकू से होने वाली बीमारियों और इससे बचाव के तरीकों की जानकारी दी जाती है।डिप्टी सीएमओ डॉ. धनीराम ने कहा कि तंबाकू का सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इसलिए सभी लोगों को तंबाकू से दूर रहने का संकल्प लेना चाहिए।एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. पूनम ने बताया कि तंबाकू सेवन से कैंसर, हृदय रोग और श्वसन संबंधी बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते लोग तंबाकू छोड़ दें तो कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ. एसपी मिश्रा, एसीएमओ डॉ. आरएम गुप्ता, डिप्टी सीएमओ डॉ. लालजी पासी, डॉ. राकेश गुप्ता, जिला मलेरिया अधिकारी हरिशंकर, डैम सतपाल सिंह, एनसीडी सेल से विजय वर्मा, देवनंदन श्रीवास्तव, अभिषेक कश्यप, अनुज श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top