आबकारी निरीक्षक पर कार्रवाई की मांग को लेकर गरीब मजदूर किसान पार्टी ने दिया ज्ञापन
लखीमपुर खीरी Mar 07, 2026 at 06:50 PM , 160गोला गोकर्णनाथ खीरी।
गरीब मजदूर किसान पार्टी के पदाधिकारियों ने किसान से कथित मारपीट व अवैध वसूली के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर शनिवार को एसडीएम के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में मामले की जांच कर संबंधित आबकारी निरीक्षक अवनीश रावत के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि 1 मार्च को थाना हैदराबाद क्षेत्र के गांव मैसटा निवासी किसान मदनपाल गन्ना चीनी मिल में गन्ना डालकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से घर वापस जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में आबकारी विभाग के कर्मचारियों ने ट्रॉली रुकवा ली और आबकारी निरीक्षक अवनीश रावत के इशारे पर किसान को जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर चीनी मिल परिसर स्थित आबकारी कार्यालय ले गए।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि वहां किसान के साथ मारपीट की गई और उससे 12 हजार रुपये की मांग की गई। पीड़ित किसान ने किसी तरह 5 हजार रुपये की व्यवस्था कर अपनी जान छुड़ाई। घटना के बाद से यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और किसानों में रोष व्याप्त है।
पार्टी ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कर संबंधित आबकारी निरीक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी आंदोलन करने को बाध्य होगी।






_page-0001.jpg)
























Comments