जीआरपी थाने का एसपी रेलवे ने किया औचक निरीक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लिया

लखीमपुर खीरी , 127

लखीमपुर खीरी। पुलिस अधीक्षक रेलवे अनुभाग लखनऊ, रोहित मिश्रा ने जीआरपी थाना लखीमपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर और रेलवे स्टेशन की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के क्रम में एसपी रेलवे ने थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, मेस, बैरक, यात्री प्रतीक्षालय, प्रवेश और निकास द्वार सहित प्लेटफॉर्म का गहनता से मुआयना किया।
उन्होंने मालखाना रजिस्टर, एस्कॉर्ट चेकिंग रजिस्टर, हिस्ट्रीशीट रजिस्टर, नियुक्ति रजिस्टर, अपराध रजिस्टर और 10 वर्षीय व 5 वर्षीय अपराधी रजिस्टर समेत अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों के रख-रखाव की जांच की। एसपी ने सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने के सख्त निर्देश दिए।एसपी रेलवे ने ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर होने वाली चोरी व झपटमारी की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई कर उनका विधिक निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, थाने पर लंबित विवेचनाओं को गुण-दोष के आधार पर समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।निरीक्षण के दौरान महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई। महिला पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए कि वे थाने पर आने वाले फरियादियों से अच्छा व्यवहार करें और उनकी शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।इसके अतिरिक्त, एसपी रेलवे ने रेलवे स्टेशन पर नियमित गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों व वस्तुओं की सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने ट्रेनों पर पत्थरबाजी और रेलवे ट्रैक से जुड़ी घटनाओं को रोकने के लिए ट्रैक की नियमित निगरानी करने तथा आसपास रहने वाले लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया।

Related Articles

Comments

Back to Top