खोखे में आग लगाने के मामले में दो दिन बाद भी कार्रवाई नहीं दबंगों पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी का आरोप, पीड़ित ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

लखीमपुर खीरी , 125

लखीमपुर खीरी। कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला सुभाष नगर में एक युवक के खोखे में पेट्रोल डालकर आग लगाने का मामला सामने आया है। घटना को दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने से पीड़ित परिवार में रोष और भय का माहौल है। आग लगने से खोखे में रखा किराने का सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया, जिससे पीड़ित के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार  मोहल्ला सुभाष नगर निवासी अनुभव त्रिवेदी, पुत्र स्वर्गीय जयनारायण त्रिवेदी के खोखे पर 05 मार्च 2026 की सुबह लगभग 3 बजे मोहल्ले के ही रामगोपाल गिरी पुत्र राकेश गिरी अपने कुछ साथियों के साथ पहुंचा। आरोप है कि उन्होंने खोखे में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और खोखे में रखा सारा किराने का सामान जलकर नष्ट हो गया।

घटना के दौरान शोर सुनकर जब अनुभव त्रिवेदी की मां बाहर आईं तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।

पीड़ित का कहना है कि घटना की सूचना उसी रात पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। दबंग किस्म के आरोपी लगातार धमकियां दे रहे हैं, जिससे परिवार भयभीत है।

पीड़ित अनुभव त्रिवेदी घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य है। खोखा जल जाने से उसकी आजीविका का साधन भी समाप्त हो गया है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।

Related Articles

Comments

Back to Top