दुष्कर्म के बाद गला दबाकर की छात्रा की हत्या

लखीमपुर खीरी , 178

:पीएम रिपोर्ट में खुलासा, गन्ने के खेत में मिला था छात्रा का शव, चौकी इंचार्ज निलंबित


लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्रा की हत्या का मामले मे  पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। इस खुलासे के बाद इलाके में आक्रोश और बढ़ गया है। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया, जिसके चलते मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
मृतक किशोरी सीतापुरके लहरपुर की रहने वाली थी और कक्षा 11 की छात्रा थी। बेहतर पढ़ाई के लिए वह लखीमपुर शहर के एक मोहल्ले में किराए के मकान में रह रही थी।
बताया जा रहा है कि 25 फरवरी को वह अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद भी कई दिनों तक छात्रा का कोई पता नहीं चल सका।करीब एक हफ्ते बाद 3 मार्च को सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के पास गन्ने के खेत में छात्रा का अर्धनग्न शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटनास्थल के पास खून से सना एक ब्लेड भी मिला, जिससे यह आशंका और गहरी हो गई कि छात्रा के साथ गंभीर अपराध हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
बुधवार को तीन डॉक्टरों के पैनल ने छात्रा के शव का पोस्टमॉर्टम किया। रिपोर्ट में सामने आया कि छात्रा की मौत गला दबाकर की गई हत्या से हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक, हत्या लगभग छह से सात दिन पहले की गई थी। मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि भी हुई है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया।
घटना से नाराज परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव लेने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि जब तक दोषियों को पकड़कर सख्त कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। इस बीच मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में एक उपनिरीक्षक (चौकी इंचार्ज) को निलंबित कर दिया गया।
वहीं, स्थानीय सदर विधायक योगेश वर्मा पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेज कर दी गई है और आरोपियों की तलाश में टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top