दो पक्षों में खूनी संघर्ष,पुरानी रंजिश के चलते धारदार हथियार से वार कर युवक की हत्या

लखीमपुर खीरी , 156

लखीमपुर खीरी के फरधान थाना क्षेत्र के खेतौसा गांव में शनिवार रात दो पक्षों में पुरानी रंजिश के कारण मारपीट हो गई। एक पक्ष धारदार हथियार लेकर दूसरे पर हमलवार हो गया। बांका लगने से मीर कुमार (20 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। दूसरे पक्ष का कमलेश घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है। मृतक की मां ने गांव के चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों के घर आमने-सामने है। थाना फरधान क्षेत्र के ग्राम खेतौसा निवासी शांति देवी ने बताया कि घर के सामने रहने वाले कमलेश कुमार से उनकी पुरानी रंजिश चल रही है। उनके बेटे मीर कुमार, नीरज और सूरज का कमलेश कुमार, रानू कुमार, चेतराम आदि लोगों से पुरानी रंजिश के चलते झगड़ा हो गया। इसी दौरान मीर कुमार को चार-पांच लोगों ने घर के बाहर बने बरामदे गिराकर गड़ासे से हमला कर लहूलुहान कर दिया। मीर कुमार की जांघ पर धारदार हथियार से वार किया गया, जिससे वह उठ नहीं पाया। सूचना पाकर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल मीर कुमार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। फरधान थाने के प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार चौबे ने बताया कि अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत हुई है। शराब के नशे में गाली गलौज के बाद विवाद बढ़ा था। मृतक की मां ने गांव के चार लोगों पर हत्या के आरोप लगाया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। शांति देवी ने बताया कि मीर कुमार चार भाइयों सूरज कुमार, नीरज कुमार और धीरज कुमार में सबसे छोटा था। तीनों भाइयों की शादी हो गई थी। मीर कुमार की शादी नहीं हुई थी। वह गांव में ही रहकर ट्रैक्टर चलाकर रोजी-रोटी कमाता था। मीर कुमार की मौत से मां शांति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
दोनों पक्षों में शराब पीकर चार महीने पहले भी मारपीट हुई थी। जिसमें पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों पर क्रॉस मुकदमा दर्ज कर लिया था। इस बात को लेकर दोनों पक्ष रंजिश मानते हैं। बताते हैं कि शनिवार रात को भी पुराने विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। उसके बाद दोनों पक्ष हमलावर हो गए और जिसमें मीर कुमार की मौत हो गई।

Related Articles

Comments

Back to Top