राजस्थान विधानसभा में दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि, सदस्यों ने रखा दो मिनट का मौन
राजस्थान Aug 20, 2026 at 01:10 PM , 23**षष्ठम सत्र के पहले दिन पूर्व राज्यपाल, मुख्यमंत्रियों, सांसद एवं विधायकों के निधन पर शोक प्रस्ताव पारित**
जयपुर, 20 अगस्त। सोलहवीं राजस्थान विधानसभा के षष्ठम सत्र के पहले दिन गुरुवार को सदन में दिवंगत पूर्व राज्यपाल, पूर्व मुख्यमंत्रियों, पूर्व सांसद, पूर्व संसदीय सचिव और पूर्व विधायकों के निधन पर शोक प्रस्ताव प्रस्तुत कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने दिवंगत नेताओं के सार्वजनिक जीवन और उनके योगदान को स्मरण करते हुए उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की।
विधानसभा अध्यक्ष ने त्रिपुरा के पूर्व राज्यपाल डी.वाई. पाटिल, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी, आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. भास्कर राव, पूर्व सांसद विष्णु मोदी, पूर्व संसदीय सचिव ब्रह्मदेव कुमावत तथा पूर्व विधायक बाबूलाल बैरवा और नवनीत लाल निनामा के निधन पर शोक व्यक्त किया।
अध्यक्ष ने डी.वाई. पाटिल के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए बताया कि वे 1967 से 1978 तक महाराष्ट्र विधानसभा के सदस्य रहे। उन्होंने 2009 से 2013 तक त्रिपुरा और 2013 से 2014 तक बिहार के राज्यपाल के रूप में कार्य किया। शिक्षा, सुशासन और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए वर्ष 1991 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया। उनका निधन 4 अगस्त 2026 को हुआ।
पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी के राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए बताया गया कि वे दसवीं, बारहवीं, तेरहवीं, चौदहवीं एवं सोलहवीं लोकसभा के सदस्य रहे तथा उत्तराखंड के दो बार मुख्यमंत्री रहे। उनका निधन 19 मई 2026 को हुआ।
आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. भास्कर राव तीन बार विधानसभा सदस्य रहे और अगस्त से सितंबर 1984 तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने राज्य सरकार में विभिन्न विभागों में राज्य मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली। उनका निधन 22 अप्रैल 2026 को हुआ।
पूर्व सांसद विष्णु मोदी आठवीं लोकसभा में अजमेर से सांसद रहे तथा दसवीं राजस्थान विधानसभा में पुष्कर और बारहवीं विधानसभा में मसूदा से विधायक निर्वाचित हुए। उनका निधन 21 मार्च 2026 को हुआ।
पूर्व संसदीय सचिव ब्रह्मदेव कुमावत तेरहवीं राजस्थान विधानसभा में मसूदा से निर्दलीय विधायक निर्वाचित हुए थे और विभिन्न समितियों के सदस्य रहे। उनका निधन 27 जुलाई 2026 को हुआ।
पूर्व विधायक बाबूलाल बैरवा सातवीं, आठवीं, तेरहवीं एवं पंद्रहवीं राजस्थान विधानसभा में कठूमर से विधायक रहे। उन्होंने विभिन्न विधानसभा समितियों में भी सदस्य के रूप में कार्य किया। उनका निधन 3 मई 2026 को हुआ।
पूर्व विधायक नवनीत लाल निनामा आठवीं, नौवीं, बारहवीं एवं चौदहवीं राजस्थान विधानसभा में घाटोल से विधायक निर्वाचित हुए। वे अनुसूचित जनजाति कल्याण समिति के सदस्य एवं सभापति सहित विभिन्न समितियों में रहे। सामाजिक आंदोलनों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही। उनका निधन 23 अप्रैल 2026 को हुआ।
सदन ने दिवंगत नेताओं के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की।






_page-0001.jpg)
























Comments