**473 विमुक्त, घुमन्तू एवं अर्द्धघुमन्तू परिवारों को मिले पक्के घर**

राजस्थान , 31

 **मुख्यमंत्री ने आवंटन पत्र और चाबी सौंपकर कहा—पक्का घर सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का अधिकार-पत्र**
 
**जयपुर, 13 अगस्त।** मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार विमुक्त, घुमन्तू एवं अर्द्धघुमन्तू परिवारों के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इन परिवारों की आवास, शिक्षा सहित बुनियादी आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि वे विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकें।
 
मुख्यमंत्री गुरुवार को कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में आयोजित **विमुक्त, घुमन्तू एवं अर्द्धघुमन्तू परिवारों को आवास-फ्लैट्स आवंटन समारोह** को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों को संबल प्रदान करने तथा सामाजिक न्याय एवं समावेशी विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।
 
मुख्यमंत्री ने चिन्हित लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से आवंटन पत्र एवं चाबी सौंपते हुए बताया कि **जयपुर में 473 परिवारों को आवास आवंटित किए गए हैं।** जयसिंहपुरा खोर आवासीय योजना में लाभार्थियों को बेडरूम, हॉल एवं किचन युक्त आवास मिले हैं। इसके अलावा **कोटा में 50 फ्लैट और जोधपुर में 80 भूखंड** आवंटन के लिए तैयार हैं।
 
उन्होंने कहा कि पक्के घर का आवंटन पत्र केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि लाभार्थी परिवार के **सम्मान, सुरक्षा, स्थायित्व और बेहतर भविष्य का अधिकार-पत्र** है। राज्य सरकार प्रत्येक जिले में आवश्यकता का आकलन कर पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के लिए सूची में शामिल कर रही है।
 
### **22,790 पट्टे वितरित**
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में घुमन्तू, अर्द्धघुमन्तू, गाड़िया लोहार एवं कालबेलिया समुदाय के परिवारों को अब तक **838 भूखंड एवं 106 फ्लैट** आवंटित किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री घुमन्तू आवास योजना के तहत 303 परिवार लाभान्वित हुए हैं।
 
उन्होंने बताया कि इन समुदायों के परिवारों को भूमि का अधिकार देने की दिशा में भी तेजी से काम किया गया है। अब तक **22,790 पट्टे** वितरित किए गए हैं, जबकि ग्रामीण सेवा शिविरों में अतिरिक्त **15,412 पट्टे** दिए जा चुके हैं।
 
### **71 हजार से अधिक घुमन्तू पहचान प्रमाण-पत्र जारी**
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि घुमन्तू, अर्द्धघुमन्तू एवं विमुक्त आवासहीन परिवारों तथा बीपीएल परिवारों को अब तक **2.67 लाख से अधिक पट्टे** जारी किए जा चुके हैं। समुदायों के सशक्तीकरण एवं उत्थान के लिए **दादूदयाल घुमन्तू सशक्तीकरण योजना** भी शुरू की गई है।
 
उन्होंने बताया कि राजस्थान में विमुक्त, घुमन्तू एवं अर्द्धघुमन्तू समुदायों की **32 जातियां अधिसूचित** हैं। विशेष शिविरों के माध्यम से अब तक **71 हजार से अधिक घुमन्तू पहचान प्रमाण-पत्र** जारी किए जा चुके हैं।
 
मुख्यमंत्री ने परिवारों से अपने बच्चों एवं युवाओं को शिक्षित कर योग्य बनाने और राष्ट्र निर्माण में भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने आमजन से भी पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने की अपील की।
 
नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के माध्यम से आवासहीन परिवारों के घर का सपना पूरा किया जा रहा है।
 
कार्यक्रम में विधि एवं न्याय मंत्री जोगाराम पटेल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवासन आलोक गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं विमुक्त, घुमन्तू तथा अर्द्धघुमन्तू परिवार उपस्थित रहे। विधायक अतुल भंसाली, देवेन्द्र जोशी, संदीप शर्मा एवं कल्पना देवी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।

Related Articles

Comments

Back to Top