100 सप्ताह तक चलेगा 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान, युवाओं से नशा छोड़ राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का आह्वान*

राजस्थान , 41

 **मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बोले— नशीले पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस, 350 से अधिक शिक्षण संस्थानों में बने 'नई किरण' नशा मुक्ति केंद्र**
 
उदयपुर/जयपुर, 2 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को **'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान'** का शुभारंभ किया। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उदयपुर नगर निगम ऑडिटोरियम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए और युवाओं के साथ प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।
 
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने युवाओं से नशा मुक्त, अनुशासित और विचारवान बनने का आह्वान करते हुए अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का सकारात्मक दिशा में उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किया गया यह अभियान युवाओं में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रभावी माध्यम बनेगा।
 
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन अगले **100 सप्ताह** तक जनभागीदारी के साथ संचालित किया जाएगा। इसमें माय भारत स्वयंसेवक, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), युवा क्लब, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय तथा सामाजिक एवं आध्यात्मिक संगठन सक्रिय भूमिका निभाएंगे। अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्वयंसेवकों और संस्थाओं को 50वें, 75वें और 100वें सप्ताह पर सम्मानित किया जाएगा।
 
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नशीले पदार्थों के विरुद्ध **जीरो टॉलरेंस** की नीति पर कार्य कर रही है। प्रदेश के 350 से अधिक महाविद्यालयों, इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक संस्थानों में **'नई किरण' नशा मुक्ति केंद्र** स्थापित किए गए हैं। वहीं, **'राज सवेरा' कार्यक्रम** के तहत जिला अस्पतालों में नशामुक्ति वार्ड विकसित किए जा रहे हैं।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार ने **मुख्यमंत्री युवा सुयोग पोर्टल** शुरू किया है तथा नई राजस्थान युवा नीति लागू की है। उन्होंने बताया कि पेपर लीक माफिया के खिलाफ गठित एसआईटी अब तक 569 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। राज्य सरकार 410 परीक्षाएं बिना पेपर लीक के सफलतापूर्वक आयोजित कर चुकी है। अब तक 1.78 लाख से अधिक नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1.32 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और 70 हजार से अधिक पदों पर नई भर्ती की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा निजी क्षेत्र में साढ़े चार लाख से अधिक रोजगार के अवसर भी सृजित किए गए हैं।
 
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने उदयपुर स्थित राजस्थान कृषि महाविद्यालय में आयोजित **महिला सुरक्षा संकल्प** कार्यक्रम के तहत **नारी शक्ति रैली** को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई तथा **'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत'** यूथ आइकन पोस्टर का भी विमोचन किया। कार्यक्रम में मंत्री, सांसद, विधायक, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top