मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना बनी जीवनरक्षक, 2,607 मरीजों को मिला निःशुल्क अंग प्रत्यारोपण
राजस्थान Jul 25, 2026 at 04:25 PM , 34₹120.29 करोड़ से अधिक का कैशलेस इलाज, 16.70 लाख रुपये तक के महंगे प्रत्यारोपण का खर्च उठा रही राजस्थान सरकार
जयपुर, 25 जुलाई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार की मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना (एमएए) गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। योजना के तहत अब तक 2,607 मरीजों को अंग प्रत्यारोपण एवं अन्य विशेष उपचार का लाभ मिल चुका है। इन उपचारों पर ₹120.29 करोड़ से अधिक खर्च किया गया है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को महंगे इलाज का बोझ नहीं उठाना पड़ा।
योजना के तहत पात्र मरीजों को किडनी प्रत्यारोपण के लिए 7 लाख रुपये, कॉक्लियर इम्प्लांट के लिए 6 लाख रुपये, बोन मैरो और लिवर प्रत्यारोपण के लिए 14 लाख रुपये तथा हृदय एवं हृदय-फेफड़ा प्रत्यारोपण के लिए 16.70 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का लक्ष्य है कि प्रदेश का कोई भी नागरिक केवल आर्थिक अभाव के कारण जीवनरक्षक उपचार से वंचित न रहे। इसी सोच के तहत महंगे से महंगे इलाज भी निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
योजना के अंतर्गत राजस्थान में 2,500 मरीजों का करीब ₹115.78 करोड़ की लागत से उपचार किया गया। इनमें 1,205 किडनी ट्रांसप्लांट, 660 कॉक्लियर इम्प्लांट, 508 बोन मैरो ट्रांसप्लांट, 105 लिवर ट्रांसप्लांट तथा 9 हृदय एवं हृदय-फेफड़ा प्रत्यारोपण शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 13 मरीजों को अन्य विशेष उपचार पैकेजों का लाभ भी मिला।
राज्य से बाहर उपचार की सुविधा का भी लाभ मिल रहा है। अब तक 107 मरीजों ने अन्य राज्यों के अस्पतालों में इलाज कराया, जिन पर ₹4.51 करोड़ का पुनर्भरण किया गया। इनमें सबसे अधिक 93 मरीजों ने गुजरात में उपचार कराया, जबकि दिल्ली, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, हरियाणा, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और तेलंगाना के अस्पतालों में भी मरीजों ने योजना का लाभ उठाया।
प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हजारों परिवारों के लिए संजीवनी साबित हुई है। यह योजना मरीजों को गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके परिवारों को भारी आर्थिक बोझ से भी राहत दे रही है।






_page-0001.jpg)
























Comments