'भ्रष्टाचार और लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस', मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी

राजस्थान , 55

'राज उन्नति' की सातवीं समीक्षा बैठक में योजनाओं की प्रगति पर जताई नाराजगी, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और सेवा शिविर 31 अगस्त तक बढ़ाने के निर्देश।


जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित 'राज उन्नति' की सातवीं समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न सरकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं और जन परिवेदनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत कार्यों में लापरवाही, अनियमितता और भ्रष्टाचार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिन योजनाओं में अनावश्यक देरी या लापरवाही सामने आएगी, उनके लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कार्मिकों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक विकास परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा कर आमजन तक उसका लाभ समय पर पहुंचाना है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी और जवाबदेही तय की जाएगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के संचालन की अवधि 31 अगस्त तक बढ़ाने के निर्देश भी दिए, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध एवं पारदर्शी कार्य संस्कृति अपनाने का आह्वान किया।

Related Articles

Comments

Back to Top