*मुख्यमंत्री ने राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 का किया निरीक्षण*

राजस्थान , 63

*परिवादियों से किया सीधा संवाद, जानी उनकी समस्याएं*

*अधिकारियों को परिवेदनाओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश*

*संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन के लिए प्रतिबद्ध राज्य सरकार* 

*- मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा* 

- मुख्यमंत्री ने जन कल्याणकारी योजनाओं का भी लिया फीडबैक 

जयपुर, 30 जनवरी। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन पर राज्य सरकार संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेहिता के साथ आमजन की हर परिवेदना के निस्तारण के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 के माध्यम से भी जनता की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। श्री शर्मा इस हेल्पलाइन का समय-समय पर निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि परिवादियों को त्वरित राहत मिले।
 
इसी कड़ी में श्री शर्मा ने शुक्रवार को शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने हेल्पलाइन के माध्यम से आमजन से सीधा संवाद किया। श्री शर्मा ने उनसे आत्मीयता से बात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा अधिकारियों को उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने आमजन से राज्य सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का फीडबैक भी लिया। 

श्री शर्मा से कोटपूतली-बहरोड़ के मोहम्मदपुर नंगलिया खोहरी निवासी पिंकी यादव ने दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने के लिए निवेदन किया। इसी तरह डूंगरपुर के बोड़ीगामा छोटा गांव से जितेन्द्र ने जाति प्रमाण पत्र तथा मूल निवास प्रमाण पत्र नहीं बनने के संबंध में मुख्यमंत्री को अवगत कराया। वहीं प्रतापनगर, जयपुर की निवासी लाजवंती ने मूल निवास प्रमाण पत्र बनाने के संबंध में निवेदन किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इनकी समस्याओं का समाधान कर राहत देने के निर्देश दिए।  

मुख्यमंत्री को रतनगढ़ चूरू के भोजासर से किशनलाल ने मकान का पट्टा जारी नहीं होने तथा ग्राम पंचायत स्तर पर लंबित होने की जानकारी दी। किशनलाल ने श्री शर्मा से शीघ्र पट्टा जारी करवाने का आग्रह किया। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इनके मकान का पट्टा जारी करने के लिए निर्देशित किया। 

इस दौरान मुख्यमंत्री ने राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली, शिकायत पंजीकरण की प्रणाली तथा फॉलो-अप प्रक्रिया की पूरी जानकारी ली। श्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए संपर्क पोर्टल पर आ रही समस्याओं की अधिक से अधिक मॉनिटरिंग हो, जिससे परिवादी की समस्या का समयबद्ध निस्तारण हो सके। 

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनसेवा को सर्वोपरि मानते हुए राज्य सरकार कार्य कर रही है। इसी दिशा में 181 हेल्पलाइन के माध्यम से आमजन घर बैठे अपनी समस्या दर्ज करवाकर उसका शीघ्र समाधान प्राप्त कर रहे हैं।
--------

Related Articles

Comments

Back to Top