दिल्ली में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और शिवराज सिंह चौहान की अहम बैठक, राजस्थान के कृषि विकास और किसानों के हितों पर बना रोडमैप

राजस्थान , 30

नई दिल्ली। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से शिष्टाचार मुलाकात की। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने कृषि मंत्रालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में भाग लिया, जिसमें राजस्थान के कृषि क्षेत्र के समग्र विकास, किसानों के कल्याण तथा कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान राज्य में संचालित कृषि एवं किसान कल्याण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही कृषि उत्पादकता बढ़ाने, आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से प्रस्तावित नई योजनाओं और आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की समृद्धि और कृषि क्षेत्र के सतत विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा कृषि क्षेत्र में दिए जा रहे सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य के बेहतर समन्वय से किसानों को आधुनिक सुविधाओं और सरकारी योजनाओं का अधिक लाभ मिलेगा।

बैठक में कृषि अवसंरचना को मजबूत करने, नवाचार आधारित खेती को प्रोत्साहन देने, कृषि योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन तथा किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के बीच समन्वय को और प्रभावी बनाने पर भी सहमति बनी। इस बैठक को राजस्थान के कृषि क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे प्रदेश में कृषि विकास को नई गति मिलने और किसानों के हित में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन का मार्ग प्रशस्त होने की उम्मीद है।

Related Articles

Comments

Back to Top