*मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे 631 करोड़ रुपये से अधिक के 1 हजार 538 कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण*

राजस्थान , 26

*सांगानेर विधानसभा क्षेत्र को मिलेंगी विभिन्न सौगातें*


*भांकरोटा में नवीन ट्रोमा सेंटर और पृथ्वीराज नगर में सेटेलाइट अस्पताल की रखेंगे नींव*

जयपुर, 23 जून। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान चहुंमुखी विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों और त्वरित निर्णयों के परिणामस्वरूप प्रदेश में विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति मिल रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री बुधवार (24 जून) को सांगानेर में आयोजित होने वाले लोकार्पण-शिलान्यास और पट्टा वितरण कार्यक्रम में सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के लिए 631 करोड़ रुपये से अधिक के 1 हजार 538 विकास कार्यों की सौगात देंगे।  

सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के विकास को मजबूती प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, विद्युत, शिक्षा, कृषि, सड़क और पेयजल से जुड़े 208 करोड़ रुपये से अधिक के कुल 1 हजार 350 विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। सड़क, बिजली, पानी, पार्क, स्वास्थ्य, यातायात सुधार, नाला निर्माण, सीवर, विद्यालय भवन, प्रयोगशाला, पुस्तकालय तथा पेयजल सुविधाओं से संबंधित इन कार्यों सेे लोगों का जीवन अधिक सुविधाजनक और गुणवत्तापूर्ण होगा। 

साथ ही, मुख्यमंत्री जयपुर विकास प्राधिकरण, आमेर विकास एवं प्रबंधन प्राधिकरण, नगर निगम, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, सड़क, जल संसाधन सहित विभिन्न विभागों से जुड़े 422 करोड़ रुपये से अधिक के 188 कार्यों का शिलान्यास भी करेंगे। 

*इन विकास कार्यों का होगा शिलान्यास*
मुख्यमंत्री जयपुर-भीलवाड़ा रोड के मुहाना मोड़ जंक्शन पर 124 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले फ्लाई-ओवर, बंबाला क्षेत्र में 88 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के सीवरेज कार्य, एसटीपी और मुख्य ट्रंक मेन लाइन, भांकरोटा में नवीन ट्रोमा सेंटर और पृथ्वीराज नगर में सेटेलाइट अस्पताल की नींव रखेंगे। साथ ही, सड़क, सामुदायिक भवन, सीवर लाइन, पार्क, मोक्षधाम, मंदिर, स्कूल और स्वास्थ्य केन्द्रों से जुड़े विभिन्न कार्यों का शुभारंभ भी किया जाएगा। 

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सीवरेज सफाई के लिए सुपर सकर मशीन, कचरा उठाने के लिए अत्याधुनिक मैकेनिकल लिटर पिकर मशीन तथा स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 के प्रति जनजागरूकता के लिए ब्रांडिंग ऑटो को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनकी आवासीय संपत्ति का कानूनी स्वामित्व प्रदान करने के लिए स्वामित्व कार्ड भी वितरित करेंगे। उल्लेखनीय है कि स्वामित्व योजना में ड्रोन तकनीक के माध्यम से गांवों की आवासीय भूमि का सीमांकन किया जाता है। अब तक प्रदेश में 8 हजार से अधिक गांवों में 14 लाख से अधिक स्वामित्व कार्ड जारी किए जा चुके हैं।
-------

Related Articles

Comments

Back to Top