प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत जयपुर में 29 और भीलवाड़ा में 18 इलेक्ट्रिक बसों का शुभारंभ

राजस्थान , 35

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत अमर जवान ज्योति से 29 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भीलवाड़ा में भी 18 इलेक्ट्रिक बसों का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस इन ई-बसों के माध्यम से आमजन को बेहतर और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ई-बस का निरीक्षण कर उसमें उपलब्ध सुविधाओं और तकनीकी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने अमर जवान ज्योति से स्टेट हैंगर तक ई-बस में यात्रा भी की।

प्रधानमंत्री ई-बस सेवा शुभारंभ कार्यक्रम में विधायक कालीचरण सराफ, विधायक गोपाल शर्मा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, शासन सचिव स्वायत्त शासन विभाग रवि जैन, जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के अधिकारी सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

वहीं, भीलवाड़ा से विधायक उदयलाल भड़ाना और अशोक कोठारी सहित अन्य लोग वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।

Related Articles

Comments

Back to Top