साइकिल से मुख्यमंत्री आवास पहुंचे युवा, पीएम मोदी के ईंधन बचत संदेश को दिया नया बल; सीएम भजनलाल शर्मा करेंगे सीधा संवाद
राजस्थान May 31, 2026 at 11:10 AM , 19जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को बड़ी संख्या में युवा साइकिल चलाकर मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। युवाओं की इस अनूठी पहल ने न केवल स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया, बल्कि ऊर्जा संरक्षण के प्रति उनकी जागरूकता और प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं के इस उत्साह और सहभागिता की सराहना की। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री युवाओं से सीधा संवाद करेंगे और रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास, स्टार्टअप प्रोत्साहन तथा राज्य सरकार द्वारा युवाओं के हित में लिए गए विभिन्न निर्णयों एवं योजनाओं पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री युवाओं के सुझाव और विचार भी सुनेंगे, ताकि राज्य की युवा-केंद्रित नीतियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। कार्यक्रम के दौरान सभी युवा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण भी करेंगे।
युवाओं की साइकिल यात्रा को ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और फिट इंडिया अभियान की भावना से जोड़कर देखा जा रहा है। यह पहल प्रधानमंत्री के ‘कम ईंधन खपत, स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ भारत’ के संदेश को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
राज्य सरकार का मानना है कि युवा शक्ति ही प्रदेश और देश के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। इसी उद्देश्य से युवाओं को नीति निर्माण, रोजगार सृजन और सामाजिक जागरूकता अभियानों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।






_page-0001.jpg)
























Comments