मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का चुड़ादा दौरा बना ‘त्वरित जनसुनवाई मॉडल’, घंटों में हुए तबादले, एपीओ कार्रवाई और मां-बाड़ी केंद्र की स्वीकृति
राजस्थान May 21, 2026 at 01:10 PM , 79बांसवाड़ा के आदिवासी अंचल में मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर समस्याएं सुनीं, पेयजल-सिंचाई से लेकर स्वास्थ्य और शिक्षा तक कई मुद्दों पर मौके पर दिए निर्देश
बांसवाड़ा। राजस्थान के मुख्यमंत्री Bhajan Lal Sharma का बांसवाड़ा जिले के चुड़ादा गांव में रात्रि प्रवास और गुरुवार सुबह का जनसंवाद कार्यक्रम आमजन के लिए बड़ी सौगात लेकर आया। मुख्यमंत्री ने सुबह गांव में पैदल भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर रुककर ग्रामीणों से आत्मीय बातचीत की। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट वितरित कर स्नेह जताया तथा ग्रामीणों के साथ चाय पर चर्चा करते हुए क्षेत्र की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। इस दौरान पेयजल, सिंचाई और अन्य विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने अपनी मांगें रखीं, जिन पर मुख्यमंत्री ने तत्काल प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
सेरेब्रल पाल्सी पीड़ित बच्चे के परिवार को मिली राहत
जनसंवाद के दौरान महिला रोशनी कलाल ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनका पुत्र सेरेब्रल पाल्सी से पीड़ित है और उसके उपचार व देखभाल में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अपने पति हेमेंद्र कुमार कलाल, जो जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में सहायक अभियंता के पद पर सागवाड़ा में कार्यरत हैं, का बांसवाड़ा स्थानांतरण करने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल अधिकारियों को निर्देश दिए। परिणामस्वरूप कुछ ही घंटों में हेमेंद्र कुमार कलाल के स्थानांतरण आदेश जारी कर दिए गए। मुख्यमंत्री की इस त्वरित संवेदनशील कार्रवाई की ग्रामीणों ने सराहना की।
वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत पर तत्काल एक्शन
मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान विभागीय कर्मचारियों ने कुशलगढ़ के खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गिरिश भाभोर के खिलाफ वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत भी प्रस्तुत की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य (ग्रुप-2) विभाग ने डॉ. गिरिश भाभोर को एपीओ करते हुए तत्काल प्रभाव से निदेशक, जन स्वास्थ्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, जयपुर मुख्यालय में उपस्थिति देने के आदेश जारी कर दिए।
आदिवासी अंचल के बच्चों को मिली नई सौगात
मुख्यमंत्री का चुड़ादा प्रवास आदिवासी क्षेत्र के बच्चों के लिए भी बड़ी सौगात साबित हुआ। प्रातः भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने कुशलगढ़ तहसील के ठुम्मठ गांव में मां-बाड़ी केंद्र निर्माण की मांग रखी।
मुख्यमंत्री ने इस मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग ने ग्राम पंचायत ठुम्मठ में मां-बाड़ी केंद्र निर्माण के लिए 16.20 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी। प्रथम चरण में 14.58 लाख रुपये की राशि हस्तांतरित की जाएगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का यह दौरा प्रशासनिक संवेदनशीलता, त्वरित निर्णय क्षमता और ग्रामीण क्षेत्रों में सीधे जनसंवाद की मिसाल बनकर सामने आया है।








_page-0001.jpg)
























Comments