राजस्थान में खनन क्षेत्र को नई रफ्तार देने की तैयारी, सीएम भजनलाल शर्मा और केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

राजस्थान , 48

जयपुर। राजस्थान में खनन एवं भूवैज्ञानिक गतिविधियों को गति देने और केंद्र-राज्य समन्वय को मजबूत बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा केंद्रीय खान एवं कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी ने राज्य में संचालित खनन परियोजनाओं, भूवैज्ञानिक अन्वेषण कार्यों और खनिज संसाधनों के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान राजस्थान में खनिज संपदा के प्रभावी दोहन, नई खदानों के विकास, खनिज अन्वेषण की आधुनिक तकनीकों तथा खनन क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर विशेष मंथन किया गया। साथ ही केंद्र सरकार से जुड़े लंबित खनन मामलों और विभिन्न परियोजनाओं के त्वरित निस्तारण पर भी विचार-विमर्श हुआ।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान देश का प्रमुख खनिज उत्पादक राज्य है और राज्य सरकार खनन क्षेत्र को अधिक पारदर्शी, आधुनिक एवं रोजगारपरक बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने खनिज संसाधनों के बेहतर उपयोग के माध्यम से प्रदेश की आर्थिक प्रगति को नई दिशा देने पर जोर दिया।
केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने केंद्र सरकार की ओर से राज्य को हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि खनन क्षेत्र में तकनीकी सुधार, निवेश और आधारभूत ढांचे के विकास से राजस्थान देश की अर्थव्यवस्था में और अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित केंद्र एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विभिन्न भूवैज्ञानिक सर्वेक्षणों, खनिज अन्वेषण परियोजनाओं और आगामी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की।

Related Articles

Comments

Back to Top