*गलता तीर्थ का पौराणिकता और आधुनिकता के संगम के साथ हो विकास*
राजस्थान May 03, 2026 at 10:10 PM , 49मुख्यमंत्री ने गलता तीर्थ के विकास को लेकर ली बैठक_
*वृद्धजनों के लिए ट्रैवलेटर सहित श्रद्धालुओं के लिए विकसित हों बेहतर सुविधाएं*
*गलता मार्गों पर हो धार्मिक चित्रण, प्रवेश द्वार पर लगाई जाए सभी मंदिरों की जानकारी*
*- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा*
*- मुख्यमंत्री ने गलता तीर्थ परिसर के मंदिरों का किया अवलोकन*
*- सीताराम जी मंदिर में की पूजा-अर्चना, गलता कुंड में दिया अर्घ्य*
जयपुर, 3 मई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि गालव ऋषि की तपोस्थली गलता तीर्थ के प्रति आमजन में विशेष श्रद्धा का भाव है। ऐसे में तीर्थ के मूल स्वरूप को बनाए रखते हुए पौराणिकता एवं आधुनिकता के संगम के साथ व्यवस्थाओं को विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि भविष्य की आवश्यकता के अनुरूप जिला प्रशासन और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने वृद्धजनों के लिए ट्रैवलेटर जैसी सुविधाएं मुहैया करवाने के निर्देश दिए, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव प्राप्त हो सके।
मुख्यमंत्री ने रविवार को जयपुर में गलता धाम परिसर में तीर्थ के विकास को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने तीर्थ परिसर में बने मंदिरों एवं पवित्र कुंडों की दीवारों के जीर्णोद्धार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गलता धाम आने वाले दोनों रास्तों के विकास सहित आमजन के लिए समुचित वाहन पार्किंग विकसित की जाए। साथ ही, गलता मार्गों पर धार्मिक चित्रण किया जाए, ताकि प्रवेश से लेकर तीर्थ तक आने वाले श्रद्धालुओं का मन आस्था से भर उठे। उन्होंने प्रवेश द्वार पर गलता तीर्थ में बने मंदिरों की संपूर्ण जानकारी प्रदर्शित करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सावन माह से पहले गलता जी के पवित्र कुंडों की साफ-सफाई के लिए आधुनिक मशीनों के साथ काम किया जाए। साथ ही, परिसर में वानरों के लिए विशेष स्थान निर्धारित किया जाए।
*मुख्यमंत्री ने की पूजा-अर्चना*
मुख्यमंत्री ने सीताराम जी मंदिर में सपत्नीक पूजा-अर्चना कर आरती उतारी और प्रदेशवासियों की खुशहाली के लिए कामना की। उन्होंने गलता परिसर में बने विभिन्न मंदिरों का अवलोकन भी किया। इसके बाद उन्होंने गलता तीर्थ के पवित्र कुंड में अर्घ्य भी दिया। साथ ही, पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
बैठक में राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, पूर्व विधायक अशोक परनामी सहित जयपुर जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
------






_page-0001.jpg)
























Comments