राजस्थान में चंदन वन विकसित करेगी सरकार, बांसवाड़ा, सिरोही और उदयपुर में विशेष पहल
राजस्थान May 04, 2026 at 07:15 PM , 22जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री Bhajan Lal Sharma ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर वन एवं पर्यावरण विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में राज्य में हरित क्षेत्र विस्तार और वन संपदा संवर्धन को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बांसवाड़ा, सिरोही और उदयपुर जिलों में चंदन के वन विकसित करने की विशेष योजना पर कार्य करेगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चंदन वन विकसित करने के लिए गुणवत्तापूर्ण पौधों का चयन किया जाए तथा उनके संरक्षण, सुरक्षा और नियमित रखरखाव की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि चंदन जैसे बहुमूल्य वृक्षों के संरक्षण के लिए प्रारंभिक स्तर से ही वैज्ञानिक पद्धति अपनाना आवश्यक है, ताकि यह पहल भविष्य में राज्य की पर्यावरणीय समृद्धि के साथ-साथ आर्थिक दृष्टि से भी लाभकारी सिद्ध हो सके।
बैठक में आगामी पौधारोपण अभियान की तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं तय समयसीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि व्यापक स्तर पर पौधारोपण का लक्ष्य प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सके।
बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) Sanjay Sharma वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में ठोस एवं दीर्घकालिक कदम उठाए जा रहे हैं।






_page-0001.jpg)
























Comments