*मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने बिना भेदभाव सभी 200 सीटों को दी सौगातें : रानीपुरिया*

राजस्थान , 78

जयपुर, 04 फरवरी। राजस्थान 16वीं विधानसभा के पंचम सत्र के दौरान मीडिया से रूबरू होकर मनोहर थाना विधायक श्री गोविंद रानीपुरिया ने कहा कि कांग्रेस के पांच साल के कार्यकाल में जितने काम नहीं हो सके, उससे कहीं अधिक कार्य माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में मात्र दो वर्षों में कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि—हर क्षेत्र में प्रदेश में तेज़ी से विकास हुआ है।

विधायक श्री रानीपुरिया ने बताया कि मनोहर थाना विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक विस्तार हुआ है। क्षेत्र में सैटेलाइट अस्पताल अकलेरा सहित कई उप-स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) को क्रमोन्नत किया गया है, जिससे ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं।

शिक्षा क्षेत्र पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि अनेक विद्यालयों में नए भवनों का निर्माण किया जा रहा है और जर्जर भवनों को गिराकर उनका नवनिर्माण कराया जा रहा है। जिस विद्यालय में भवन गिरने की घटना हुई थी, वहां 1.50 करोड़ रुपए की लागत से नई बिल्डिंग स्वीकृत की गई है और निर्माण कार्य शुरू हो चुका है।

विधायक ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि पूरे राजस्थान में विकास समान रूप से हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों को सौगातें दी हैं और किसी भी क्षेत्र के साथ भेदभाव नहीं किया गया।

उन्होंने आगे बताया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए शिविरों के माध्यम से ग्रामीण इलाकों में अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय बजट पास होने के बावजूद झालावाड़ को पर्याप्त धन नहीं मिलता था और उस दौर में तत्कालीन नेतृत्व ने विकास के रास्ते में “दीवार” खड़ी कर दी थी।

वर्तमान सरकार का फोकस पारदर्शी शासन और संतुलित विकास पर है, जिसका लाभ प्रदेश के हर क्षेत्र को मिल रहा है।

Related Articles

Comments

Back to Top