जलवायु परिवर्तन एवं वायु प्रदूषण के साथ साथ पॉलीथीन एवं कैरीबैग के पूर्ण प्रतिबन्ध पर चर्चा

अन्य खबरे , 278

 अयोध्या। शनिवार को सदन की चतुर्दश बैठक महापौर अध्यक्षता में आयुक्त परिसर के गाँधी सभागार में आहूत की गयी। इस बैठक में पदेन सदस्य के रूप में सांसद लल्लू सिंह द्वारा भी सदन की बैठक में प्रतिभाग किया गया।महापौर द्वारा सांसद बैठक में प्रतिभाग करने हेतु ह्रदय से आभार प्रकट किया गया। बैठक मे जलवायु परिवर्तन एवं वायु प्रदूषण के साथ साथ पॉलीथीन एवं कैरीबैग के पूर्ण प्रतिबन्ध पर पार्षदगण से सुझाव आमंत्रित किये गये। वायु प्रदूषण के विषय पर नगर क्षेत्र में कार्यदायी संस्थाओं द्वारा कराये जा रहे कार्यो व उनसे निकलने वाले मलबे आदि का उचित निस्तारण कराये जाने का अभिमत दिया गया। इसके साथ साथ पार्षद रामनन्दन तिवारी द्वारा पॉलीथीन एवं कैरीबैग के पूर्ण प्रतिबन्ध को पूर्ण सख्ती से लागू किये जाने व प्रथम एक दो माह में व्यापक प्रचार प्रसार कराने व उसके उपरान्त जुर्माने की कार्यवाही किये जाने के सम्बन्ध में सदन के समक्ष अपनी बात रखी। पार्षद असद अहमद द्वारा अवगत कराया गया कि पॉलीथीन का उत्पादन करने वाली फर्मो पर प्रतिबन्ध के बिना यह कार्य संभव नहीं है। सर्वप्रथम उत्पादन करने वाली फर्मो को चिन्हित करना चाहिए। जिससे पूर्णतया पॉलीथीन पर प्रतिबन्ध लागू किया जा सके।पार्षदगण द्वारा इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से सहमति प्रदान की गयी। वर्तमान में शीत ऋतु के दृष्टिगत निर्बल एवं असहाय वर्ग के लोगों को कम्बल वितरण का प्रस्ताव सदन के समक्ष रखा गया, जिस पर अध्यक्ष द्वारा पूर्व की भांति नगर निगम में कम्बल वितरण के साथ साथ विस्तारित क्षेत्रों में भी वितरण की व्यवस्था किये जाने हेतुआवश्यकतानुसार कम्बल क्रय व अलाव जलवाने के निर्देश दिए गए। पार्षद अनुभव जायसवाल अन्नू द्वारा नगर क्षेत्र में यथा जमुनियाबाग, चौक एवं सिविललाइन स्थित निगम की दुकानों का विस्तारीकरण किये जाने व चौक एवं रामपैड़ी पर 100 मी तिरंगे झण्डे को स्थापित करने का प्रस्ताव सदन के समक्ष रखा गया व अवगत कराया गया कि इस कार्यवाही से निगम की आय में वृद्धि होगी। मा0 अध्यक्ष जी द्वारा प्रस्ताव के सम्बन्ध में सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गये। पार्षदगण द्वारा सदन के समक्ष विकास कार्यो की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिये जाने की ओर ध्यान आकृष्ट किया गया व वर्तमान में संचालित परियोजनाओं पर त्वरित कार्यवाही हेतु निर्देश दिए गये। इसके अतिरिक्त अयोध्या की विश्व पटल पर बढते आकर्षण के दृष्टिगत उत्कृष्ट सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिये जाने का प्रस्ताव सदन के समक्ष रखा गया। इसके साथ साथ अपर नगर आयुक्तगण के द्वारा प्रतिदिन एक वार्ड का निरीक्षण किये जाने व स्थानीय समस्याओं के त्वरित निराकरण कराये जाने के सम्बन्ध में अध्यक्ष/महापौर द्वारा निर्देशित किया गया। अध्यक्ष द्वारा सांसद को सदन की बैठक में प्रतिभाग करने पर सह्रदय आभार व्यक्त करते हुए अनुरोध किया गया कि इसी प्रकार ही सांसद अपना मार्गदर्शन हम सभी को प्रदान करते रहे। जिससे निगम को नई उँचाईयाँ प्रदान की जा सके।इस बैठक में उपसभापति बृजेन्द्र सिंह, नगर आयुक्त विशाल सिंह, अपर नगर आयुक्त सच्चिदानन्द सिंह, शशिभूषण राय,पार्षद अशोका द्विवेदी,राम भवन यादव, अनिल सिंह,असद अहमद,आलोक मिश्रा,राजेश गौड़ व निगम के अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top